सिहोरा/जबलपुर, राष्ट्रीय राजमार्ग 30 के सिहोरा बायपास पर मझौली लिंक रोड में देररात एक स्कॉर्पियो करीब 20 फीट ऊपर से ओवरब्रिज से हवा में लहराते हुए सड़क पर जा गिरी। जिससे स्कॉर्पियो में सवार 5 में से 3 लोगों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। जबकि 2 लोग घायल हो गए। जिनमें से एक की हालत नाजुक बनी हुई है। जिसे सिविल अस्पताल सिहोरा से जबलपुर मेडिकल रेफर किया गया है।रात में चौक समारोह से लौट रहे थे: प्राप्त जानकारी के अनुसार सिहोरा वार्ड नंबर 8 निवासी रूप सिंह ठाकुर के पुत्र जय सिंह ठाकुर को बेटा हुआ था, जिसका चौक समारोह रविवार को आयोजित हुआ। दिन भर घर में खुशियां कायम थी रात को रूप सिंह का बड़ा बेटा शेखर सिंह उम्र 27 वर्ष अपने अन्य मित्र अखिलेश ठाकुर उम्र 22 वर्ष, शनि पटैल उम्र 20 वर्ष, रिंकू सैनी उम्र 28 वर्ष एवं सोनू गुप्ता उम्र 30 वर्ष के साथ चौक समारोह के बाद रात 1:00 बजे रिश्तेदारों को छोड़ने गया था। जिसके बाद वह फोरलाइन से अपने घर के लिए आ रहा था। जैसे ही वो मझौली बायपास के ओवरब्रिज लिंक रोड पर पहुंचा वैसे ही उनकी स्कॉर्पियो अनियंत्रित हो गई और लहराते हुए नीचे आ गिरी। जिससे इस गाड़ी में सवार शेखर सिंह ठाकुर, अखिलेश सिंह ठाकुर एवं शनि पटैल की मौके पर ही मौत हो गई जबकि रिंकू सैनी के दोनों पैर बुरी तरह घायल हो गए। कार में सवार सोनू गुप्ता को भी चोटें आई। सोनू गुप्ता ने सिहोरा थाने को घटना की सूचना दी इसके बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने घायलों को सिविल अस्पताल सिहोरा पहुंचाया जहां डॉक्टरों ने शेखर सिंह ठाकुर, अखिलेश सिंह ठाकुर और शनि पटैल को मृत घोषित कर दिया जबकि रिंकू सैनी को जबलपुर मेडिकल रेफर कर दिया गया। सोनू गुप्ता को उपचार के बाद घर भेज दिया।प्रत्यक्षदर्शी ने बताया कि रात एक बजे के करीब एक नीले रंग की स्कार्पियो क्रमांक एमपी 20 सीई 8176 राजमार्ग से गुजर रही थी तभी अचानक सिहोरा मझौली लिंक रोड पर ओवरब्रिज के किनारे लगी रेलिंग से टकराने लगी और कुछ दूर रगड़ खाने के बाद गाड़ी ओवरब्रिज से नीचे गिर गई। जिससे कार में सवार लोगों की चीख पुकार मच गई। तभी वहां से गुजर रहे कुछ लोगों ने मदद की और कार में फंसे लोगों को निकाला उसके उपरांत लोगों ने ही पुलिस को घटना की सूचना दी।

By kgnews

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *