जब भी देश में बाज की बात होती है तो उसकी ऊंची उड़ान और काबलियत का जिक्र जरूर होता है। दुनिया भर में पक्षियों का राजा कहे जाने वाले बाज का एक वीडियो सामने आया है। इस वीडियो में एक व्यक्ति बाज को पानी पिला रहा है। वह उससे बातें करता है, फिर खाना खिलाता है। यह वीडियो छत्तीसगढ़ में कोरबा का है। एक दिन पहले बाज कृष्णा नगर में एक युवक के घर में आ गया। उसे उड़ने में परेशानी हो रही थी। इस पर वन विभाग के सदस्य पहुंचे और बाज कर प्यास बुझाने के साथ ही उसे रेस्क्यू कर जंगल में छोड़ा। शहर के कृष्णा नगर निवासी दीपक दस महंत के घर एक बाज आ गया। वह उड़ नहीं पा रहा था। इस पर घरवालों ने इसकी सूचना वाइल्डलाइफ रेस्क्यू टीम के अध्यक्ष और वन विभाग सदस्य जितेंद्र सारथी को दी। अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे जितेंद्र सारथी ने बाज का रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। डरा सहमा बाज एक जगह पर बैठा रहा। उसको विश्वास लेकर जितेंद्र सारथी बाज से बात करने लगे। एक बार तो लगा कि बाज उनकी भाषा को समझ रहा है। उन्होंने बाज को पानी पिलाया, फिर उसके भोजन की व्यवस्था की। इन दिनों प्रदेश में गर्मी बहुत पड़ रही है। वीडियो में साफ दिख रहा है कि, वन विभाग के सदस्य जितेंद्र सारथी एक मग में भरे पानी को बाज के पास ले जाते हैं। पहले तो बाज पानी को देखता और फिर पीने लगता है। जब उसे पानी पीने में दिक्कत होती है, तो जितेंद्र सारथी मग को और पास लेकर जाते हैं। वह अपनी चोंच से पानी पीता है। इसके बाद उसे अपने हाथ पर बिठाकर खाना खिलाते हैं। बाज भी एक-एक टुकड़े को खाता है। इस पूरे रेस्क्यू अभियान में ऐसा लग रहा था कि बाज उनकी सारी बातों को समझ रहा है।
