भोपाल । होशंगाबाद रोड पर गैस लाइन बिछाई जा रही है। करीब चार किमी हिस्से की खाेदाई कर गई है, लेकिन उसे व्यवस्थित नहीं किया गया है। इसके अलावा कुछ स्थानों पर थोड़ी सी खुदाई करने के दौरान आधी सड़क बंद कर दी गई है। ऐसी स्थिति हबीबगंज रेलवे स्टेशन समेत अन्य जगह है। इस कारण यहां हर दिन व्यस्त समय के दौरान जाम की स्थिति निर्मित हो रही है। सुबह 9.30 से 11.30 बजे तक एवं शाम पांच से सात बजे के बीच जाम लग रहा है और हजारों राहगीर परेशान होते हैं।चेतक ब्रिज (पुल) से मिसरोद तक करीब 11 किमी हिस्से में बिछाई जा रही गैस लाइन का काम इन दिनों हजारों राहगीरों के लिए मुसीबत बना हुआ है। दरअसल, लाइन बिछाने के बाद न तो गड्ढों को भरा जाता है और न ही सड़क पर सीमेंट क्रांकीट या डामरीकरण किया जा रहा है। इससे 200 कॉलोनियों का सारा यातायात होशंगाबाद रोड पर आ गया है और चार हजार वाहनों का अतिरिक्त दवाब बढ़ गया है। साथ ही सावरकर सेतु से आइएसबीटी बस स्टैंड के सामने तक कई जगह खोदाई के दौरान आधी सड़क घेर ली गई है। वर्तमान में हबीबगंज स्टेशन के सामने गंभीर स्थिति है। एक लेन की लगभग आधी सड़क को बंद किया गया है। ऐसे में यहां से वाहन रेंगते हुए गुजरते हैं और लंबी कतार लग जाती है।
व्यस्त समय में अधिक समस्या
एमपी नगर व आसपास के क्षेत्रों में विधानसभा, सतपुड़ा, मंत्रालय, कई बैंकों के मुख्यालय, निगम कार्यालय, आरबीआइ, दूरसंचार, डाकघर, आयकर, जीएसटी कार्यालय है, जबकि कारपोरेट दफ्तर भी है। इस कारण होशंगाबाद रोड पर सुबह व शाम को दो-दो घंटे वाहनों का दवाब अधिक रहता है। सभी को समय पर दफ्तर पहुंचना पड़ता है। ऐसे में जाम होशंगाबाद रोड पर जाम लगता है तो उनके लिए मुश्किल खड़ी हो जाती है।
