राजनांदगांव खैरागढ़ थाना क्षेत्र के ग्राम कुकुरमुड़ा के पास तेज रफ्तार बाइक ने मोपेड को टक्कर मार दी। हादसे में मोपेड चला रहे वृद्ध की मौत हो गई। वहीं उनकी पत्नी घायल है। घटना रविवार दोपहर की है। जानकारी के मुताबिक ग्राम चिंगली निवासी लखन वर्मा (65) अपनी पत्नी गुलाब बाई के साथ मोपेड से राधास्वामी सत्संग व्यास जा रहे थे। दोनों व्यास के पास पहुंचे ही थे कि उन्हें विपरीत दिशा से आ रहे बाइक चालक ने जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में गंभीर रूप से घायल लखन वर्मा व उनकी पत्नी को खैरागढ़ हॉस्पिटल लाया गया, जहां से लखन वर्मा को राजनांदगांव रेफर किया गया था, लेकिन रास्ते में ही उन्होंने दम तोड़ दिया। वहीं उनकी पत्नी का पैर फ्रैक्चर हो गया है। पुलिस ने आरोपी वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
