इंदौर। मैन ऑफ द मैच कुमार कार्तिकेय (दो विकेट, 59 रन) के दोहरे प्रदर्शन की मदद से शहडोल ने माधवराव सिंधिया अंतर संभागीय क्रिकेट स्पर्धा के फाइनल में मेजबान इंदौर को एक विकेट से शिकस्त दी।होलकर स्टेडियम में खेले गए फाइनल में इंदौर ने 49.1 ओवर में सभी विकेट खोकर 255 रन बनाए। अभिषेक भंडारी ने 64 रन, अनिल मौर्य ने 67 रन, रिषभ चौहान ने 41 रन बनाए। अक्षय सिंह ने चार जबकि अंकुश त्यागी ने दो विकेट लिए। जवाब में शहडोल ने 50 ओवर में 9 विकेट पर लक्ष्य पा लिया। हर्ष दीक्षित ने 37 रन, हिमांशु मंत्री ने 35 रन, संकेत श्रीवास्तव ने 32 रन और अंकुश त्यागी ने 29 रन का योगदान दिया। मिहिर हिरवानी, रिषभ चौहान ने तीन-तीन विकेट लिए। सुरेंद्र मालवीय और सारांश जैन को एक-एक विकेट मिला। पुरस्कार वितरण कमिश्नर डा. पवन कुमार शर्मा, एमपीसीए सचिव संजीव राव और कोषाध्यक्ष पवन जैन के आतिथ्य में हुआ।
पूजा के शतक से शहडोल फाइनल में

पिछले दो मैचों में दोहरा शतक जमा चुकी शहडोल की अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी पूजा वस्त्रकार ने जेएस आनंद ट्रॉफी के तीसरे मैच में भोपाल के खिलाफ भी शतकीय (144 रन) पारी खेली। उनके प्रदर्शन की मदद से शहडोल ने सेमीफाइनल मैच 45 रनों से जीतकर फाइनल में प्रवेश किया। फाइनल में शहडोल का मुकाबला इंदौर से होगा। जिमखाना मैदान पर शहडोल ने आठ विकेट पर 212 रन बनाए। पूजा ने 131 गेंदों पर 23 चौके और दो छक्के लगाते हुए 144 रन बनाए। तमन्ना निगम, सौम्या तिवारी, समृद्धि सक्सेना ने दो-दो विकेट लिए। जवाब में भोपाल की टीम 49.4 ओवर में 167 रन ही बना सकी। तमन्ना निगम ने 51 रन बनाए। एक अन्य मैच में इंदौर ने ग्वालियर को 43 रन से हराया। इंदौर ने 127 रन बनाए। जवाब में ग्वालियर टीम 84 रन पर सिमट गई। चारू जोशी ने तीन विकेट लिए।
