नई दिल्ली। उत्तर भारत में अचानक मौसम बदल गया है। एक तरह जहां पहाड़ी इलाकों में लगातार बर्फबारी हो रही है, वहीं पश्चिमी विक्षोम की चलते राजधानी दिल्ली सहित आसपास के इलाकों के मौसम में बदलाव आया है। बीते 24 घंटे के मौसम के बारे में बात की जाए तो पहाड़ी इलाकों से लेकर मैदानी राज्यों तक अधिकांश जगह पर बारिश दर्ज की गई है। साथ ही अधिकतर पहाड़ी इलाके बर्फ की मोटी चादर में लिपट गए हैं। मौसम विभाग ने हालांकि शनिवार को मौसम साफ रहने का अनुमान जताया है। बीते दिनों दिल्ली-NCR सहित उत्तर भारत के ज्यादातर राज्यों में हुई बारिश के चलते कई मैदानी इलाकों में तापमान में भी गिरावट दर्ज की गई है। वहीं आज भी देश के कई इलाकों में बारिश का अलर्ट जारी किया है।
बिहार में मौसम ने ली अचानक करवट
बिहार में भी अचानक मौसम में बदलाव हो गया है। कृषि मौसम विभाग जलवायु परिवर्तन पर उच्च अध्ययन केन्द्र डॉ. राजेंद्र प्रसाद ने बताया कि 6-10 फरवरी तक सुबह व शाम में हल्का का कोहरा रहने की संभावना है। साथ ही सुबह शाम को ठंड ज्यादा महसूस होगी। दिन में गर्मी का अहसास होगा। प्रसाद के मुताबिक अगले एक-दो दिनों में उत्तर बिहार के जिलों में बादल छाए रह सकते हैं और हल्की बारिश हो सकती है।
इधर उत्तरप्रदेश में कई जिलों में बारिश हुई है। बारिश के बाद ठंड की वापसी का अहसास हो रहा है। बनारस में रात करीब 10.30 बजे बारिश हुई, जिसके चलते देर रात बनारस में ठंड बढ़ गई। पश्चिमी विक्षोभ के असर के चलते बनारस में बारिश हुई है। हालांकि अनुमान लगाया जा रहा है कि ठंड अब जल्द ही धीरे-धीरे कम हो जाएगी।
आज खुला रहेगा मौसम
मौसम विभाग के मुताबिक मौसम के बदले मिजाज में 6 फरवरी को फिर बदलाव देखा जा सकता है। शनिवार से उत्तरप्रदेश सहित अन्य मैदानी प्रदेशों के सभी इलाकों में मौसम खुल सकता है। पश्चिमी यूपी में गुरुवार को बारिश रही, लेकिन अब पश्चिमी यूपी के ज्यादातर जिलों में मौसम खुल गया है। हालांकि कुछ स्थानों पर फिर से कोहरे की स्थिति पैदा हो सकती है, हालांकि, दिन में धूप निकलने से राहत जारी रहेगी। मौसम विभाग का कहना है कि ज्यादातर शहरों में दिन का तापमान 25 डिग्री के आसपास और रात का तापमान 10 डिग्री के आसपास दर्ज किया जाएगा।
