गुरुग्राम के फर्रुखनगर के गांव जराऊ में रविवार की सुबह पुराने कुएं की खोदाई करते समय मिट्टी ढहने से दो मजदूरों की मौत हो गई। आनन-फानन में आस-पास के लोगों ने दोनों मजदूरों को निकालकर निजी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां डॉक्टरों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया। 

पुलिस के अनुसार गांव जराऊ में रहने वाले मुकेश के खेत में कुआं बना हुआ है। कुआं जर्जर होने के कारण मुकेश इसे ठीक कराने का काम करा रहा था। इस काम में उनके घर में ही रहने वाले मनोज और पास के गांव सिवाड़ी निवासी राजेंद्र समेत पांच लोग लगे हुए थे। मनोज व राजेंद्र कुएं के अंदर और बाकी तीन मजदूर ऊपर खड़े थे। इसी दौरान ऊपर से मिट्टी भरभराकर गिर गई। इसमें राजेंद्र और मनोज दब गए।

शोर सुनकर आसपास के लोग मौके पर आ गए। बचाव कार्य शुरू कर उन्हें निकाला गया। एंबुलेंस से घायलों को फर्रुखनगर स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। यहां डाक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। मनोज बिहार के अररिया जिले का रहने वाला था। वह तीन साल से मुकेश के घर पर काम कर रहा था। 

सिवाड़ी निवासी राजेंद्र के बेटे मंगल ने फर्रुखनगर थाने में सीआरपीसी की धारा 174 के तहत मामला दर्ज कराया है। उन्होंने शिकायत में घटना के लिए किसी को भी दोषी नहीं ठहराया। वहीं पुलिस ने मनोज के परिजनों को भी घटना की सूचना दी है। इसके साथ ही दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए रखवा दिया है।

By kgnews

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *