गर्मी शुरू होते ही बिरगांव के रहने वालों को पानी की किल्लत से दो चार होना पड़ता है। बिरगांव में पानी को लेकर जहां लोग घंटो लाइन लगाते हैं, वहीं कई बार मारपीट की स्थिति भी निर्मित हो जाती है। इस परिस्थिति से निपटने के लिए इस बार नगर निगम ने वैकल्पिक व्‍यवस्‍था कर ली है। इसके लिए 30 लाख रुपये का बजट तय कर दिया गया है। टैंकर से पानी की सप्लाई की जाएगी।

निगम ने कुछ वार्डों में पानी की सप्लाई के लिए पाइप लाइन बिछाने का काम शुरू कर दिया है। निगम के अधिकारियों का कहना है कि पानी की सप्लाई के लिए निगम के पास टैंकर हैं, लेकिन और जरूरत पड़ने पर टेंडर की व्‍यवस्‍था की जाएगी ताकि सुचारू रूप से पानी की सप्लाई कराई जा सके।

ज्ञात हो कि बिरगांव नगर निगम में वर्तमान में कुल 40 वार्ड हैं। बिरगांव की कुल एक लाख 25 हजार आबादी है। निगम के करीब 25 वार्डों में पानी की सप्लाई की जाती है। बाकी के बचे हुए 15 वार्डों में पूरे साल भर टैंकर से पानी की सप्लाई की जाती है। टैंकर के लिए लोगों को घंटों लाइन में खड़े होकर इंतजार करना पड़ता है।

पानी की सप्लाई के लिए निगम के पास कुल 12 टैंकर हैं, लेकिन गर्मी में इतने टैंकर पर्याप्त नहीं होते हैं, जिस कारण बिरगांव निगम प्रशासन इस बार सभी वार्डों को छह भागों में बांट दिया है, जिसमें बिरगांव, उरला, अछोली, सरोरा, उरकुरा और रावांभाठा को अलग किया है।

अलग-अलग इलाके के लिए कुल पांच लाख रुपये रखे गए हैं। इन इलाकों में यदि निगम के टैंकर समय पर पानी की सप्लाई नहीं कर पाएंगे तो निगम द्वारा टेंडर जारी कर प्राइवेट टैंकर से पानी की सप्लाई कराई जाएगी, जिससे पब्लिक को किसी प्रकार की दिक्कत न होने पाएं।

By kgnews

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *