मुख्यमंत्री श्री भूपेश बघेल ने कांकेर प्रवास के दूसरे दिन आज स्वामी आत्मानंद अंग्रेजी माध्यम स्कूल योजना के अंतर्गत संचालित किए जा रहे, शासकीय नरहरदेव इंग्लिश मीडियम स्कूल का अवलोकन किया। प्रदेश की नई पीढ़ी को शिक्षा के क्षेत्र में एक नई दिशा देने के लिए छत्तीसगढ़ सरकार द्वारा चलाई जा रही इस योजना से राज्य के छात्रों की प्रतिभा निखारने और उन्हें राष्ट्रीय स्तर की सभी प्रकार की प्रतियोगिताओं के काबिल बनाने के उद्देश्य से इंग्लिश मीडियम स्कूल की शुरूआत की गई है।


मुख्यमंत्री श्री बघेल ने इंग्लिश मीडियम स्कूल के अवलोकन के दौरान विभिन्न कक्षाओं में जाकर विद्यार्थियों तथा शिक्षकों से स्कूल में अध्ययन-अध्यापन के बारे में चर्चा की। अध्ययनरत स्कूली बच्चों ने मुख्यमंत्री से अंग्रेजी में बातचीत की तथा उन्हें पोयम भी सुनायें। मुख्यमंत्री ने डिजिटल क्लास रूम में बच्चों को पढ़ते देख अपने पढ़ाई के दिनों को याद करते हुए कहा हमने ब्लैक बोर्ड डस्टर में पढ़ाई की थी, लेकिन अब हमारी नई पीढ़ी डिजिटल क्लास रूम में पढ़ने की सुविधा मिली है। इस अवसर पर कांकेर जिले के प्रभारी एवं ग्रामोद्योग मंत्री गुरू रूद्र कुमार, परिवहन, आवास, पर्यावरण एवं वन मंत्री श्री मो. अकबर, आबकारी एवं उद्योग मंत्री श्री कवासी लखमा, छत्तीसगढ़ विधानसभा के उपाध्यक्ष श्री मनोज सिंह मण्डावी, संसदीय सचिव श्री शिशुपाल शोरी, कोण्डागांव विधायक श्री मोहन मरकाम, अंतागढ़ विधायक श्री अनूप नाग, केशकाल विधायक संतराम नेताम, मुख्यमंत्री के सलाहकार श्री राजेश तिवारी, अनुसूचित जनजाति आयोग के सदस्य श्री नितिन पोटाई सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित थे।


