मोहला : भूमि की उर्वरा शक्ति एवं भूजल स्तर के संरक्षण हेतु फसल परिवर्तन आवश्यक – कलेक्टर प्रजापति मोहला : भूमि की उर्वरा शक्ति एवं भूजल स्तर के संरक्षण हेतु फसल परिवर्तन आवश्यक – कलेक्टर प्रजापति

– विकास कार्यों का किया निरीक्षण, किसानों से संवाद कर फसल विविधीकरण के लिए किया प्रोत्साहित

         मोहला ।  कलेक्टर तुलिका प्रजापति ने आज जिले के विभिन्न विकास कार्यों का निरीक्षण किया तथा उन्नत कृषि अपनाने वाले किसानों से मुलाकात कर उनके कार्यों की जानकारी ली। इस दौरान वे कृषि विभाग द्वारा ग्राम मोहभट्टा में आयोजित कृषक चौपाल में भी शामिल हुईं। इस अवसर पर सीईओ जिला पंचायत भारती चंद्राकर, एसडीएम मोहला हेमेंद्र भूआर्य सहित संबंधित विभागों के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।
               कृषक चौपाल को संबोधित करते हुए कलेक्टर प्रजापति ने किसानों को फसल परिवर्तन अपनाने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि एक ही फसल लगातार लेने से भूमि की उर्वरा शक्ति कम होती है, इसलिए फसल विविधीकरण अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने बताया कि धान की फसल में अन्य फसलों की तुलना में अधिक पानी की आवश्यकता होती है, जिससे भूजल स्तर में गिरावट आती है। अतः किसानों को धान के स्थान पर कम पानी में अधिक आय देने वाली फसलों को अपनाना चाहिए, जिससे मिट्टी की गुणवत्ता भी बनी रहे।
         उन्होंने ग्रामीणों से वर्षा जल संरक्षण के लिए सामूहिक प्रयास करने की अपील की तथा भूजल स्तर में सुधार हेतु विभिन्न उपायों की जानकारी भी दी। इस दौरान कृषि विभाग के अधिकारियों ने बीज उपचार, भंडारण, भूमि सुधार एवं फसल अवशेष प्रबंधन के संबंध में विस्तृत जानकारी प्रदान की।
            कलेक्टर ने उन्नत कृषि कर रहे कृषकों से भी मुलाकात की। ग्राम मोहभट्टा के कृषक भुवनेश्वर के खेत का निरीक्षण करते हुए उन्होंने आम की फसल का अवलोकन किया। कृषक ने बताया कि एक एकड़ भूमि है, वही इस वर्ष आम का फसल पिछले वर्ष की तुलना में बेहतर है। साथ ही वे सब्जी एवं फूलों की खेती का भी विस्तार कर रहे हैं। इसी प्रकार ग्राम के कृषक चिंता राम नायक ने बताया कि उन्होंने चना, उड़द एवं मूंग की खेती के साथ-साथ सब्जी उत्पादन भी किया है।

– विकास कार्यों का किया निरीक्षण, दिए आवश्यक दिशा निर्देश

निरीक्षण के दौरान कलेक्टर तुलिका प्रजापति ने प्रस्तावित केंद्रीय विद्यालय हेतु भूमि चयन के लिए मार्डिंग-पीड़िंग-धेनु पहुंचीं। यहां उन्होंने भूमि चिन्हांकन  कर विद्युत पोल शिफ्टिंग की कार्रवाई शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश विद्युत विभाग को दिए। साथ ही शिक्षा विभाग को भू-आवंटन हेतु प्रस्ताव प्रस्तुत करने के निर्देश दिए, ताकि कार्य में तेजी लाई जा सके।
उन्होंने हाउसिंग बोर्ड के निर्माणाधीन कार्यों का भी निरीक्षण किया तथा सड़क एवं दुकानों के निर्माण की प्रगति की जानकारी ली। इसके पश्चात कलेक्टर प्रजापति ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गोटाटोला पहुंचीं, जहां उन्होंने ओपीडी सेवाओं की समीक्षा की तथा प्रसूता महिलाओं से मुलाकात कर नवजात शिशुओं के स्वास्थ्य की जानकारी ली। उन्होंने महिलाओं को संतुलित आहार लेने एवं स्वास्थ्य के प्रति सजग रहने की सलाह दी।

By kgnews

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *