– जिले में अब तक कुल 1850 पंजीकृत उच्च जोखिम गर्भवती माताओं का किया गया नि:शुल्क सोनोग्राफी सहित आवश्यक स्वास्थ्य जांच
राजनांदगांव । जिले में मातृ मृत्यु दर एवं शिशु मृत्यु दर में कमी लाने तथा गर्भवती महिलाओं को सुरक्षित मातृत्व सुनिश्चित करने के उद्देश्य से जिला प्रशासन द्वारा विशेष पहल की जा रही है। कलेक्टर जितेन्द्र यादव के निर्देशानुसार जिले में उच्च जोखिम वाली गर्भवती माताओं की पहचान कर उनका नि:शुल्क सोनोग्राफी सहित आवश्यक स्वास्थ्य जांच कराई जा रही है, ताकि गर्भावस्था के दौरान संभावित जटिलताओं की समय पर पहचान कर उचित उपचार उपलब्ध कराया जा सके। इसी कड़ी में इस सप्ताह जिले में कुल 85 गर्भवती माताओं की सोनोग्राफी कराई गई। जिले में लक्ष्य के अनुरूप सभी उच्च जोखिम गर्भवती माताओं की दो बार नि:शुल्क सोनोग्राफी कराई जानी है। इसके लिए पंजीकृत गर्भवती महिलाओं के आधार पर विश्लेषण कर उच्च जोखिम गर्भवती माताओं की पहचान की जा रही है तथा उन्हें आवश्यक स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान की जा रही हैं।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. नेतराम नवरतन ने बताया कि अब तक जिले में कुल 1850 पंजीकृत उच्च जोखिम गर्भवती माताओं की सोनोग्राफी सहित आवश्यक स्वास्थ्य जांच कराई जा चुकी है। इसका उद्देश्य मातृ एवं शिशु मृत्यु दर में कमी लाना तथा गर्भवती महिलाओं को सुरक्षित मातृत्व प्रदान करना है। आगामी समय में पंजीकृत उच्च जोखिम गर्भवती महिलाओं की भी नि:शुल्क सोनोग्राफी एवं सभी आवश्यक जांच सुनिश्चित की जाएगी। उन्होंने बताया कि उच्च जोखिम गर्भवती माताओं की नियमित मॉनिटरिंग की जा रही है। इसके अंतर्गत हाईरिस्क गर्भवती माताओं की सूची तैयार कर प्रत्येक सप्ताह उन्हें फोन के माध्यम से स्वास्थ्य संबंधी जानकारी एवं परामर्श दिया जा रहा है। प्रसव से 15 दिन पूर्व मितानिनों द्वारा गर्भवती माताओं के घर प्रतिदिन भ्रमण कर उनकी स्वास्थ्य स्थिति की जानकारी ली जा रही है। कार्यक्रम की निगरानी विकासखंड स्तर पर खंड चिकित्सा अधिकारी एवं ब्लॉक प्रोग्राम यूनिट द्वारा की जा रही है। साथ ही विकासखंड एवं शहरी क्षेत्रों से उच्च जोखिम गर्भवती माताओं को सोनोग्राफी सेंटर तक लाने के लिए नि:शुल्क एम्बुलेंस सेवा भी उपलब्ध कराई जा रही है। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी ने जिला एवं विकासखंड स्तर की इकाइयों की समीक्षा की तथा कार्यक्रम के प्रभावी क्रियान्वयन के निर्देश दिए गए।

By kgnews

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *