राजनांदगांव | प्रधानमंत्री आवास योजना की किस्त मिलने के बाद भी मकान निर्माण नहीं करने वालों से अब वसूली होगी। शहर में 145 ऐसे हितग्राही चिन्हित हुए हैं। जिन्होंने किस्त की राशि अन्य कार्यों में खर्च कर दी है। चार साल बाद भी इनके मकान का निर्माण पूरा नहीं हो सका है।
निगम प्रशासन ने बताया कि योजना में बीएलसी के तहत 7956 आवासों कि स्वीकृति प्राप्त हुई थी। उस स्वीकृति के विरूद्ध 7778 पूर्ण व 178 आवास अलग अलग स्तरों पर निर्माणाधीन है। लेकिन 145 मकान ऐसे हैं, जो पिछले चार साल से अधूरे हैं। इन्हें आवास के लिए किस्त की राशि भी जारी कर दी गई है। इसके बाद भी हितग्राहियों ने अपने मकान का निर्माण पूरा नहीं किया है।
145 हितग्राहियों को नोटिस जारी कर तहसील कार्यालय में उपस्थित होने कहा गया था, जिसमें 17 ही पहुंचे। राशि खर्च कर मकान निर्माण नहीं करने वालों से राशि की वसूली की जाएगी। ऐसे हितग्राहियों पर कानूनी कार्रवाई का भी प्रावधान है।
