राजनांदगांव : खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम द्वारा पनीर एवं अन्य डेयरी उत्पादों पर रखी जा रही सघन निगरानी

राजनांदगांव । खाद्य सुरक्षा विभाग के अधिकारियों द्वारा प्रतिष्ठानों में विनिर्मित एवं क्षेत्र में विक्रय होने वाले पनीर एवं अन्य डेयरी उत्पादों पर सघन निगरानी रखी जा रही है। इसी कड़ी में खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम द्वारा पनीर विनिर्माण करने वाले डेयरियों, पनीर का विक्रय करने वाले प्रतिष्ठानों, पनीर के विभिन्न व्यंजन बनाने वाले होटल-रेस्टोरेंट कुल 8 स्थलों का औचक निरीक्षण किया गया तथा जांच हेतु खाद्य नमूने संकलित किए गए। सभी संकलित खाद्य नमूनों को विश्लेषण हेतु खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला भेजा गया है। नमूनों में से कोई नमूना अवमानक, मिथ्याछाप या असुरक्षित पाए जाने पर संबंधित खाद्य कारोबार करने वालों के विरूद्ध खाद्य सुरक्षा मानक अधिनियम के तहत कड़ी कार्रवाई की जाएगी। इसके साथ ही टीम द्वारा जिले में संचालित विभिन्न होटल- रेस्टोरेंट से टमाटर ग्रेवी, प्याज ग्रेवी, आटा एवं अन्य खाद्य उत्पादों की जांच हेतु नमूना संकलित किया गया है। होटल-रेस्टोरेंट संचालकों को परिसर एवं किचन क्षेत्र में साफ-सफाई, स्वच्छता बनाये रखने, किसी संक्रामक रोग से ग्रसित व्यक्ति को खाद्य कारोबार से पृथक रखने एवं सही गुणवत्ता का तेल उपयोग करने सहित अन्य आवश्यक निर्देश दिए गए हैं। आकस्मिक निरीक्षण के दौरान मनगटा टूरिस्ट स्पॉट में संचालित प्रतिष्ठान नौटंकी रेस्टोरेंट में साफ-सफाई एवं स्वच्छता नहीं पाये जाने के कारण फर्म को नोटिस जारी किया गया है। खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम द्वारा नागरिकों तक सही गुणवत्ता की खाद्य सामग्री पहुंचाने के लिए लगातार खाद्य प्रतिष्ठानों का लगातार निरीक्षण किया जा रहा है। खाद्य कारोबारियों से अपने प्रतिष्ठान में सुरक्षित और सही गुणवत्ता के खाद्य पदार्थ का विक्रय, भंडारण, प्रदर्शन, विनिर्माण करने की अपील की गई है।

By kgnews

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *