राजनांदगांव। गणेश पर्व के पहले नगर निगम आयुक्त अभिषेक गुप्ता ने अपनी टीम के साथ मूर्तिकारों के निर्माण स्थल का निरीक्षण किया। निगम ने पहले ही मूर्तिकारों से प्लास्टर ऑफ पेरिस की प्रतिमा नहीं बनाने की अपील की थी। इसकी जांच भी की गई। आयुक्त गुप्ता ने गणेश प्रतिमा के निर्माण की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि कोई भी मूर्तिकार पीओपी से प्रतिमा न बनाए। वहीं ऐसी प्रतिमाओं को बेचने पर भी प्रतिबंध किया गया है। मूर्तिकारों ने जानकारी दी कि मूर्ति निर्माण के लिए काली मिट्टी अथवा कछारी मिट्टी का उपयोग किया जा रहा है। जिससे पर्यावरण को नुकसान न हों। आयुक्त ने पीओपी का इस्तेमाल करते पाए जाने पर कार्रवाई की भी चेतावनी दी। इसके बाद आयुक्त गुप्ता ने मोहारा में बनाए गए प्रतिमा विसर्जन कुंड का भी निरीक्षण किया। आसपास के हिस्से में सफाई की भी हिदायत टीम को दी। इसके अलावा अन्य जरूरी निर्देश भी लोगों को दिए। आयुक्त निरीक्षण के दौरान रेवाडीह के कांजी हाउस पहुंचे। जहां उन्होंने कांजी हाउस में मौजूद मवेशियों के लिए पर्याप्त चारा पानी की व्यवस्था करने के निर्देश दिए। आयुक्त ने कहा कि कांजी हाउस में मवेशियों के लिए दाना-पानी, पैरा-कुट्टी का पर्याप्त भण्डारण हो इसके लिए कर्मचारी सदैव तैनात रहे, किसी भी प्रकार की अव्यवस्था पर प्रभारी अधिकारी को सूचित करें।
