राजनांदगांव शहर के चिखली चौकी क्षेत्र में घर पर अकेली महिला से मारपीट कर दुष्कर्म करने का मामला सामने आया है। घटना की शिकायत के कुछ घंटे बाद ही पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। घटना शुक्रवार रात 11.30 बजे की है। पुलिस ने बताया कि पीड़िता अपने घर में अकेली थी, तभी आरोपी घनश्याम उर्फ पाई ने उसका दरवाजा खटखटाया। महिला ने जैसे ही दरवाजा खोला आरोपी उसके घर में दाखिल हो गया। इसके बाद आरोपी ने महिला से मारपीट करते हुए उससे दुष्कर्म किया। महिला को जान से मारने की धमकी तक दी। पीड़िता ने मामले की शिकायत चिखली चौकी में दर्ज कराई, जिसके कुछ ही घंटे बाद रात में ही पुलिस ने आरोपी घनश्याम उर्फ पाई को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के खिलाफ पूर्व में भी आपराधिक मामले दर्ज हैं। आरोपी को जेल भेज दिया गया है।
