– महिलाओं को विशेष रूप से मिली राहत, समय की बचत से अन्य रोजगारमुखी कार्यों में दे रहे समय
राजनांदगांव । राजनांदगांव जिले के डोंगरगांव विकासखंड अंतर्गत ग्राम कन्हारडबरी में जल जीवन मिशन के तहत हर घर जल योजना ने ग्रामीणों के जीवन में महत्वपूर्ण बदलाव लाया है। ग्राम कन्हारडबरी के बुजुर्ग बताते हैं कि एक समय ऐसा था जब गांव में पानी की समस्या लोगों के दैनिक जीवन का सबसे बड़ा हिस्सा थी। सुबह की शुरूआत ही पानी की चिंता से होती थी। कई बार हैंडपंप खराब हो जाते थे और कई बार पानी भरने के लिए लंबी कतारों में खड़ा होना पड़ता था। विशेष रूप से गर्मी के दिनों में स्थिति और अधिक गंभीर हो जाती थी।
जल जीवन मिशन के अंतर्गत ग्राम कन्हारडबरी में हर घर जल योजना स्वीकृत होने के बाद ग्रामसभा के माध्यम से ग्रामीणों को योजना की जानकारी दी गई। इसके पश्चात गांव में पाइपलाइन बिछाने, पानी टंकी निर्माण तथा घर-घर नल कनेक्शन प्रदान करने का कार्य प्रारंभ किया गया। इस कार्य में ग्रामीणों ने भी सक्रिय सहयोग दिया। योजना के पूर्ण होने के बाद ग्राम कन्हारडबरी के घरों में नल के माध्यम से नियमित रूप से स्वच्छ पेयजल उपलब्ध होने लगा। अब ग्रामीणों को पानी के लिए भटकना नहीं पड़ता। महिलाओं को विशेष रूप से राहत मिली है और वे अब अपने समय का उपयोग स्व सहायता समूह तथा अन्य उपयोगी कार्यों में कर पा रही हैं। स्वच्छ पेयजल की उपलब्धता से ग्रामीणों के स्वास्थ्य के स्तर में सुधार हुआ है तथा गांव में स्वच्छता की स्थिति भी बेहतर हुई है। आज ग्राम कन्हारडबरी जल जीवन मिशन के सफल क्रियान्वयन का एक अच्छा उदाहरण बनकर उभरा है। शासन की योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन और जनसहभागिता से ग्रामीणों में सकारात्मक परिवर्तन हुआ है।


