राजनांदगांव जिला सैनिक कल्याण कार्यालय स्टेशन रोड़ के पास सात दिसंबर को सशस्त्र सेना झंडा दिवस मनाया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि एडीएम इंदिरा नवीन सिंह थीं। अध्यक्षता जिला सैनिक कल्याण अधिकारी ग्रुप कैप्टन ब्रिजेश कुमार शर्मा (से.नि.) ने की। कार्यक्रम की शुरुआत भारत माता के तैलचित्र के समीप दीप प्रज्जवलित व पुष्प अर्पण कर किया। इसके बाद देश के लिए अपने प्राणों की आहूति देने वाले वीर सैनिकों को श्रद्धासुमन अर्पित की गई। जिला सैनिक कल्याण अधिकारी शर्मा ने अतिथियों सहित उपस्थित लोगों को सशस्त्र सेना झंडा दिवस के बारे में अवगत कराया। इसके साथ ही देश के विशिष्टजनों के द्वारा झंडा दिवस में दिए संदेश का वाचन किया। कार्यक्रम में कुछ ऐसे माता-पिता थे जो अपने इकलौते पुत्र को सेना में भेजे हैं उनका सम्मानित किया गया। इसके साथ ही सैनिकों के आश्रितों को सम्मान राशि प्रदान की गई। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में भूतपूर्व सैनिक, नागरिक, सैनिक के आश्रित उपस्थित थे। दाह संस्कार, कृत्रिम अंग प्रत्यारोपण के लिए जाती है राशि: सन 1947 से आज तक भारतीय सेना ने विभिन्न युद्धों में कई परिवारों के एक मात्र कमाने वाले मुखिया को छीनकर इन बसे हुए घरों की खुशियां उजाड़ दी है तथा बड़ी संख्या में सैनिक स्थाई रूप से अपंग हो गए हैं। झंडा दिवस हमें याद दिलाता है कि इन शहीदों की पत्नियों, विकलांग सैनिकों तथा उन जांबाजों के आश्रितों जिन्होंने राष्ट्र के लिए अपना सर्वस्व न्यौछावर कर दिया उनकी देखभाल करना, हम सभी का नैतिक कर्तव्य है। इस झंडा दिवस के अवसर पर एकत्रित की गई धनराशि समामेलित विशेष निधि में जमा की जाती है। इस कोष से गरीब व जरूरतमंद भूतपूर्व सैनिकों व उनके आश्रितों के लिए योजनाएं चलाई जाती है, जिसमें चिकित्सा सहायता, छात्रवृत्ति, सहायता, पुत्री विवाह अनुदान, दाह संस्कार, कृत्रिम अंग प्रत्यारोपण के लिए अनुदान आदि शामिल है। शहीद परिवारों के पुनर्वास के लिए मनाते हैं दिवस कल्याण संयोजक अविनाश चंद्र पंत ने बताया कि सशस्त्र सेना झंडा दिवस का उद्देश्य हमारे देश के सैनिकों को सम्मान देना है। इस दिन विशेष तरह के बने झंडे भेंटकर देश के शहीदों के परिवार के कल्याणार्थ धनराशि एकत्रित की जाती है। यह दिन थल सेना, वायु सेना तथा जल सेना के शूरवीरों द्वारा देश की रक्षा करते हुए अपने प्राणों की आहुति दी व युद्ध में विकलांग, शहीदों के परिवार के पुनर्वास के लिए मनाया जाता है।

By kgnews

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *