राजनांदगांव , नागपुर मंडल के डीआरएम दीपक कुमार गुप्ता शुक्रवार दोपहर करीब 1 बजे अपने विशेष सेलून से राजनांदगांव रेलवे स्टेशन पहुंचे। उन्होंने रेलवे स्टेशन के चप्पे-चप्पे का निरीक्षण किया। इस दौरान रेलवे के सभी विभागों के अफसरों की मौजूदगी रही। निरीक्षण करते डीआरएम ने निर्माण, सरंक्षा, यात्रियों से जुड़ी सुविधा और सुरक्षा से जुड़े मामले में अफसरों की बात नहीं सुनी बल्कि स्वयं सभी जगह पहुंच कर स्टेशन में लगे उपकरण, मशीनरी की जांच की।

उन्होंने लिफ्ट, एस्कलेटर काम कर रहे या नहीं इसकी जांच स्वयं ने की। डीआरएम दीपक कुमार गुप्ता पहले रसमड़ा पहुंचे। वहां माल गोदाम और प्रस्तावित वंदे भारत ट्रेन के डिपो मेंटनेंस यार्ड का निरीक्षण किया। यह वंदे भारत ट्रेनों के मेंटनेंस करने का प्रमुख केन्द्र होगा जो इस क्षेत्र में हाई स्पीड वाली ट्रेनों के संचालन को सुरक्षित करेगा। यहां मरम्मत और सफाई कार्य होगा। राजनांदगांव में अमृत भारत स्टेशन योजना अंतर्गत स्टेशन में चल रहे रिनोवेशन का जाएजा लिया। पहले स्टेशन पारा की तरफ पहुंचे। इसके बाद प्लेट फार्म 1 फिर शहर की तरफ चल रहे निर्माण कार्यों का निरीक्षण करते अफसरों को जरूरी निर्देश दिए।

अफसरों को निर्माण कामों में तेजी लाने के दिए निर्देश डीआरएम ने राजनांदगांव रेलवे स्टेशन में सड़क, पार्किंग, डिवाइडर, स्वागत द्वार, सौंदर्यीकरण, पेयजल की सुविधा, बिजली की सप्लाई, शौचालय, स्टेशन की सफाई, प्लेट फार्म और वेटिंग हॉल में कुर्सियां और अन्य यात्री सुविधा, एनाउंस सिस्टम, डिस्प्ले बोर्ड का निरीक्षण किया। सोलर पैनल पर जमी धूल-मिट्‌टी, पत्तों की सफाई कराने कहा। लंबे समय से बंद पड़े एटीएम, निर्माणाधीन शौचालय, एस्कलेटर के पास सीढ़ीयों की बाउंड्रीवाल की उंचाई बढ़ाने, बुकिंग काउंटर में बन रहे शौचालय निर्माण को देखा।

By kgnews

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *