राजनांदगांव . उत्तर-पूर्वी दिशा से आ रही सर्द हवाओं के कारण जिले के न्यूनतम तापमान में दो दिनों में 5 डिग्री तक गिरावट आई है। इससे ठंड में तेजी से इजाफा हुआ है और इससे बचने के लिए लोग गर्म कपड़ों का इस्तेमाल कर रहे हैं, जिससे बाजार में ऊनी कपड़ों की मांग बढ़ गई है। इधर ठंड का असर सेहत पर भी पड़ रहा है।

शाम होते ही घना कोहरा गिर रहा है, जिसका असर सुबह तक दिख रहा। इसके चलते जिले का न्यूनतम तापमान 13-14 डिग्री पर पहुंच रहा है, वहीं अधिकतम तापमान 29 डिग्री दर्ज की जा रही है। मौसम विभाग की माने तो आने वाले दिनों में शीत लहर की स्थिति से जिले का न्यूनतम तापमान 10 से 11 डिग्री तक पहुंचने वाला है, ऐसे में मौसम का सितम और बढ़ेगा।

स्वास्थ्य का रखें ख्याल :- मौसम में बदलाव का विपरीत असर सेहत पर पड़ रहा है। बच्चे और बुजुर्गों में सर्दी-खांसी की शिकायत सामने आ रही है। विशेषज्ञ ठंड के मौसम में सेहत का विशेष ख्याल रखने के निर्देश दे रहे हैं। डॉक्टरों का कहना है कि इसके लिए गर्म कपड़े पहनें, गर्म और पौष्टिक भोजन खाएं, नियमित व्यायाम करें, और पर्याप्त पानी पिएं। संक्रमण से बचने के लिए हाथ धोते रहें और खांसते-छींकते समय मुंह ढकें। यदि स्वास्थ्य संबंधी कोई चिंता है तो डॉक्टर से संपर्क करें।

किसान इन दिनों खरीफ सीजन में बोए फसल की कटाई में जुटे हुए हैं। धान की तेजी से कटाई के साथ रबी सीजन में बोए जाने वाले सब्जी सहित अन्य फसल की बोआई की तैयारी कर रहे हैं। किसानों की माने तो शीतलहर और ठंड में इजाफा होने से रबी सीजन में बोए जाने वाली फसल को फायदा मिलता है।

By kgnews

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *