राजनांदगांव , बोर्ड परीक्षा में नकल रोकने इस बार तगड़ा इंतजाम किया गया है। उड़नदस्ता दल का गठन कर प्रशासनिक अफसरों की ड्यूटी लगाई है। अफसरों की कुल आठ टीमें परीक्षा केन्द्रों में दबिश देगी। जिला एवं ब्लॉक स्तर में बनी 6 टीम में शिक्षा विभाग के अफसरों, विषय विशेषज्ञों, व्याख्याताओं की ड्यूटी लगाई है। कलेक्टर के अधीन गठित टीम में राजस्व एवं अन्य अफसरों की ड्यूटी लगाई गई है। डीईओ के अधीन बनी टीमें जिला मुख्यालय शहरी एवं ग्रामीण, बीईओ के अधीन बनी टीम ब्लॉक के परीक्षा केन्द्रों में दबिश देगी।
उड़नदस्ता दल नंबर एक में डीईओ प्रवास कुमार सिंह बघेल, सहायक के रूप में प्राचार्य अमित घोष, भिख सिन्हा, सहायक के रूप में सीमा गुप्ता, पीटीआई अनिल गौतम होंगे। दल दो में सतीश ब्योहारे, परस राम झाड़े, मनोज मरकाम, आदर्श वासिनक, कामिनी साहू होंगी। डोंगरगढ़ की टीम में बीईओ श्रीनिवास मिश्रा, व्याख्याता सुवर्णा बख्शी, निलीमा ढोमने, पीटीआई देवेन्द्र अंबादे शामिल है। संबधित व्याख्याता और पीटीआई निरीक्षण समय के 15 मिनट पहले बीईओ कार्यालय में उपस्थित होंगे। डोंगरगांव और छुरिया ब्लॉक में अलग टीम बनेगी। गोपनीय सामग्री थानों में सुरक्षित की जा चुकी है। परीक्षा सुबह 10 से 1:30 बजे तक हो रही है।
बीईओ और उड़नदस्ता दल निरीक्षण की जानकारी देंगे डीईओ प्रवास कुमार सिंह बघेल ने बताया उड़नदस्ता दल के अफसरों को बोर्ड परीक्षा की राज्य स्तरीय गाइड लाइन से अवगत करा दिया गया है। परीक्षा के दिन उड़नदस्ता दल के अफसर परीक्षा केन्द्रों में दबिश देंगे। निरीक्षण के बाद सभी बीईओ एवं दल निरीक्षण की जानकारी देंगे। परीक्षा की विडियोग्राफी कराई जाएगी। परीक्षा केन्द्रों में प्रकाश, पेयजल, फर्नीचर एवं शौचालय का प्रबंध किया जा चुका है। पहले दिन विद्यार्थियों की सुविधा के लिए केंद्राध्यक्षों को हेल्प डेस्क बना कर क्लास रूम तक पहुंचाने में मदद करने कहा गया है।
