राजनांदगांव , पुलिस व आईटीबीपी की संयुक्त टीम ने मोहला के परवीडीह जंगल से क्लेमोर माइन पाइप जब्त किया है। इस पाइप का इस्तेमाल नक्सली पाइप बम बनाकर विस्फोट के लिए करते हैं। मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी जिले के एसपी वायपी सिंह ने बताया कि क्षेत्र में सक्रिय नक्सलियों की तलाश के लिए सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है।
इसी के तहत संयुक्त टीम मंगलवार को मोहला के परवीडीह जंगल की पहाड़ी में पहुंची थी, जहां नक्सलियों द्वारा डंप किए गए 11 नग क्लेमोर माइन पाइप बरामद किया गया है। आशंका है कि फोर्स की गश्त दल को नुकसान पहुंचाने की योजना में पाइप इलाके में डंप किया गया था। एसपी ने बताया कि क्षेत्र में कुछ नक्सली सक्रिय हैं। जिनकी तलाश के लिए सर्च ऑपरेशन लगातार जारी रखा गया है। सरेंंडर करने की भी अपील की गई है।
