राजनांदगांव , राजनांदगांव पुलिस के द्वारा होली पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण मनाने सभी थानों में शांति समिति बैठक आयोजित की जा रही है। थाना बागनदी, पुलिस चौकी मोहारा, ओपी सुकुलदैहान एवं थाना घुमका सहित विभिन्न थानों में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठकों में क्षेत्र के सरपंच, उपसरपंच, कोटवार, जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
इस दौरान निर्देश दिए गए हैं कि होली के दौरान डरावने या पहचान छुपाने वाले प्रतिबंधित मुखौटे पहनकर हुड़दंग करने पर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। डीजे एवं ध्वनि विस्तारक यंत्र शासन द्वारा निर्धारित ध्वनि सीमा के भीतर ही बजाए जाएं, बिना अनुमति डीजे संचालन पर कार्रवाई होगी। अश्लील गाने बजाने एवं अत्यधिक शोर करने पर कोलाहल अधिनियम के तहत कार्रवाई की जाएगी। शराब पीकर वाहन चलाने वालों पर मोटर व्हीकल एक्ट में कार्रवाई होगी।
बिजली तार, खंभों के पास होलिका दहन ना करें बताया गया कि बिजली तार एवं खंभों के आसपास होलिका दहन न करने की अपील की गई। किसी की धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने पर कड़ी कार्यवाही की चेतावनी दी गई है। कोटवारों के माध्यम से गांवों में मुनादी कर जन-जागरूकता फैलाने के निर्देश दिए गए। असामाजिक तत्वों की जानकारी तत्काल पुलिस को देने के लिए नागरिकों से अपील की गई है। पर्व सौहाद्र के साथ मनाने कहा है।
