राजनांदगांव प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी कर रहे युवक से सरकारी नौकरी लगाने का झांसा देकर 2 लाख रुपए की ठगी कर ली गई। घटना को बालोद जिले के निवासी तामेश्वर पटेल ने अंजाम दिया है। जो खुद को मंत्रालय में भृत्य के पद पर होना बताता है।
डोंगरगांव के आसरा में रहने वाले प्रार्थी प्रभात साहू ने बताया कि कुछ समय पहले उसकी पहचान तामेश्वर पटेल से हुई थी, जो उसके एक दोस्त का जीजा है। तब प्रभात प्रतियोगी परीक्षा की तैयार रहा था, तभी तामेश्वर ने उसे फूड ऑफिसर की नौकरी लगवा देने का झांसा दिया। इसके लिए आरोपी तामेश्वर ने उससे 2 लाख रुपए ले लिए। लेकिन प्रार्थी की नौकरी नहीं लगी। इसके बाद आरोपी ने अपना मोबाइल भी बंद कर दिया। मामले की शिकायत के बाद आरोपी के खिलाफ डोंगरगांव पुलिस ने धोखाधड़ी का अपराध दर्ज कर लिया है।
