राजनांदगांव स्वर्गीय अभिलेख अग्रहरि की स्मृति में तीरंदाजी अकादमी द्वारा ग्रीष्मकालीन तीरंदाजी प्रशिक्षण शिविर का आयोजन किया गया। एक से 31 मई तक आयोजित इस प्रशिक्षण शिविर में लगभग 70 बच्चों को तीरंदाजी के गुर सिखाए गए। शहर के पुलिस लाइन में शनिवार को ग्रीष्मकालीन तीरंदाजी प्रशिक्षण शिविर का समापन कार्यक्रम आयोजित किया गया। स्वर्गीय अभिलेख अग्रहरि वेलफेयर फाउंडेशन, पुलिस विभाग और आईबी ग्रुप द्वारा यहां प्रतिभावान खिलाड़ियों को तीरंदाजी के खेल में तराशने प्रशिक्षण दिया जाता है। वहीं ग्रीष्मकालीन अवकाश के दौरान बच्चों को प्रशिक्षण देने से यहां नए खिलाड़ी भी सामने आ रहे हैं।

लगभग 5 वर्ष पूर्व यहां ग्रीष्मकालीन तीरंदाजी प्रशिक्षण शिविर का शुभारंभ किया गया था, तब से यहां निरंतर प्रशिक्षण शिविर का आयोजन किया जा रहा है। समापन अवसर पर मुख्य अतिथि कलेक्टर डॉ. सर्वेश्वर नरेन्द्र भुरे, विशिष्ट अतिथि पुलिस अधीक्षक मोहित गर्ग, भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष एवं वरिष्ठ अधिवक्ता सुरेश एच लाल, वरिष्ठ पत्रकार सुशील कोठारी, जितेंद्र मिश्रा और आईबी ग्रुप के प्रतिनिधि हर्षद शामिल हुए। वहीं इस दौरान कलेक्टर ने तीर चलाकर बच्चों की हौसला अफजाई की।

राजनांदगांव खेल और प्रतिभा का शहर है, प्रयास जारी रखें समापन अवसर पर पहुंचे कलेक्टर डॉ.सर्वेश्वर नरेंद्र भुरे ने खिलाड़ियों को संबोधित करते कहा कि आप सबकी ऊर्जा देखकर बेहद प्रसन्नता हुई है। आने वाले समय में आप राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर बेहतर खिलाड़ी साबित होंगे। कलेक्टर ने कहा कि पढ़ाई के साथ तीरंदाजी को एक करियर के रूप में देखना चाहिए। उन्होंने कहा कि कमियां सतत अभ्यास से दूर होती है, हमें निरंतर प्रयास करना चाहिए। उन्होंने कहा कि राजनांदगांव खेल और प्रतिभा का शहर है। इस आयोजन के लिए कलेक्टर ने आयोजकों को बधाई दी।

फाउंडेशन और पुलिस विभाग का सक्रिय सहयोग मिल रहा तीरंदाजी प्रशिक्षण शिविर को लेकर कोच अजेंद्र टांडेकर ने कहा कि स्व.अभिलेख अग्रहरि वेलफेयर फाउंडेशन और पुलिस विभाग का काफी सहयोग यहां खिलाड़ियों को प्रशिक्षण देने के लिए मिलता है। आईबी ग्रुप से बच्चों को प्रोटीन डाइट दिया जाता है। प्रशिक्षण में सुबह 6 से 11 और शाम 3 से 8 बजे तक प्रशिक्षण दिया जा रहा था। मोहला, मानपुर, सिंघोला, जंगलपुर, पुलिस लाइन सहित अन्य जगहों से लगभग 70 बच्चों ने ग्रीष्मकालीन प्रशिक्षण लिया है। इस शिविर में दक्ष होकर अब तक यहां से 24 बच्चों ने राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता में अपना प्रदर्शन किया है।

By kgnews

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *