राजनांदगांव , शहर के गंज मंडी परिसर में ट्रक से चना चोरी करने वाले गिरोह का बसंतपुर पुलिस ने महज 6 घंटे में पर्दाफाश कर दिया। त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से चोरी किया गया चना और वारदात में इस्तेमाल दो वाहन जब्त किए हैं।

जांच में सामने आया कि आरोपी मंडी परिसर में खड़े मालवाहक ट्रकों को निशाना बनाकर तिरपाल खोलकर चोरी करते थे। इस घटना ने मंडी में सक्रिय छोटे गैंग की आशंका को भी उजागर किया है। सदर बाजार निवासी रौनक जैन ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 5 अप्रैल को उनके ट्रक (CG08AU-5984) में लोड चना मंडी में खड़ा था।

6 अप्रैल सुबह जांच में करीब 300 किलो चना कम मिला और तिरपाल खुला पाया गया। मामले में बसंतपुर थाने में अपराध दर्ज कर पुलिस ने तत्काल जांच शुरू की। सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर संदिग्धों की पहचान कर उन्हें हिरासत में लिया गया। पूछताछ में आरोपियों ने चोरी कबूल कर ली।

आरोपियों से 5 कट्टा चना (लगभग 250 किलो) कीमत करीब 17 हजार रुपए और एक बाइक व मोपेड बरामद किया गया है। पुलिस ने शरद यादव, बाबू मरकाम उर्फ शशि, देवेन्द्र राजपूत और उमेश विश्वकर्मा को गिरफ्तार किया है। सभी बसंतपुर क्षेत्र के निवासी हैं। एक अन्य आरोपी अभी फरार है, जिसकी तलाश जारी है।

By kgnews

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *