राजनांदगांव | ग्राम पंचायत तुमड़ीबोड़ में त्रिस्तरीय पंचायत निर्वाचन के लिए निर्वाचक नामावली का वाचन व फसल परिवर्तन के लिए विशेष ग्राम सभा शनिवार को हुई। आयोजित विशेष ग्राम सभा बैठक में ग्राम पंचायत सचिव येवेंद्र कुमार साहू के द्वारा वार्ड वार मतदाताओं के नामों का वाचन करने के साथ बताया गया कि मतदाता सूची में नाम जोड़ने, काटने, संशोधन का कार्य 29 अक्टूबर को दोपहर 3 बजे तक किया जाना है।
बैठक में विशेष रूप से फसल परिवर्तन संबंधित विषयों पर चर्चा की गई। ग्रीष्मकालीन फसलों में धान की बोनी से क्षेत्र के भूजल स्तर में लगातार आ रही गिरावट को देखते हुए धान फसल को छोड़ कर गेंहू, चना, दलहन, तिलहन, सब्जी, गन्ना जैसे कम पानी व कम लागत में अधिक पैदावार वाले फसलों को लेने संबंध में विचार विमर्श किया गया। सदस्यों ने प्रस्ताव रखा कि कृषि विभाग के द्वारा किसानों को समय-समय प्रशिक्षण दें।
