गंदे पानी को रोकने में नगर निगम नाकाम, लापरवाही का आरोप

राजनांदगांव. शहर की ऐतिहासिक धरोहर बूढ़ासागर तालाब में फैली गंदगी और मछलियों की मौत की खबर सामने आने के बाद आखिरकार निगम प्रशासन हरकत में आया। शनिवार को नगर निगम, मत्स्य विभाग और तालाब को लीज पर लेने वाले ठेकेदार की संयुक्त टीम ने तालाब में सफाई अभियान चलाया। टीम ने मृत मछलियों, प्लास्टिक, शैवाल व अन्य गंदगी को हटाया और पानी को साफ करने के लिए 10 क्विंटल चूना व पोटाश का छिड़काव किया।

अधिकारियों का कहना है कि एक-दो दिन में पानी की स्थिति सामान्य हो जाएगी। ‘पत्रिका’ ने 8 नवंबर के अंक में बूढ़ासागर तालाब में बढ़ती गंदगी और मछलियों की मौत को लेकर प्रमुखता से खबर प्रकाशित की थी, जिसके बाद ही निगम प्रशासन ने कार्यवाही की। जांच में पाया गया कि तालाब में सीवरेज का पानी लगातार समाहित हो रहा है।

होटल, ठेले और मंदिरों से आने वाला कचरा भी गंदगी बढ़ा रहा है। वहीं ठेकेदारों द्वारा मछलियों को अधिक चारा डालने से भी गंदगी फैल रही है। निगम द्वारा समय-समय पर ब्लीचिंग पाउडर का छिड़काव न करने की बात भी उजागर हुई है। शहरवासी अब उमीद कर रहे हैं कि प्रशासन इस बार केवल सफाई तक सीमित न रहकर, स्थायी समाधान की दिशा में ठोस कदम उठाएगा।

By kgnews

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *