राजनांदगांव। मेडिकल कॉलेज अस्पताल पेंड्री में एमआरआई और सिटी स्कैन मशीन की मांग तेज हो गई है। जनसेवक युवा गरोह के प्रतिनिधिमंडल ने मेडिकल कॉलेज के अधिष्ठाता डॉ. पंकज मधुकर लुका से मुलाकात कर मांग पत्र सौंपा और जल्द से जल्द ये सुविधाएं उपलब्ध कराने की अपील की।
गरोह के संयोजक निर्मल द्विवेदी ने बताया कि मेडिकल कॉलेज में वर्षों से एमआरआई और सिटी स्कैन मशीन लगाने की मांग की जा रही है, लेकिन अब तक इस दिशा में ठोस पहल नहीं हुई है। उन्होंने कहा कि इन जरूरी सुविधाओं के अभाव में मरीजों को निजी डायग्नोस्टिक सेंटर और अस्पतालों में जांच करवानी पड़ती है, जहां उनसे मनमाने दाम वसूले जा रहे हैं।

गरीब और मध्यम वर्ग हो रहा परेशान
निर्मल द्विवेदी ने बताया कि एक एमआरआई जांच के लिए निजी सेंटरों पर 5000 से 8000 रुपए तक खर्च करना पड़ता है, जबकि सरकारी अस्पताल में यह सुविधा उपलब्ध हो जाए तो मरीजों को यह जांच मात्र कुछ सौ रुपये में मिल सकती है। इससे न सिर्फ आर्थिक बोझ कम होगा, बल्कि गरीब और मध्यम वर्ग के मरीजों को बड़ी राहत मिलेगी।

प्रशासन से शीघ्र निर्णय की मांग
गरोह ने मेडिकल कॉलेज प्रशासन से मांग की है कि जल्द से जल्द एमआरआई और सिटी स्कैन मशीन स्थापित की जाए। प्रतिनिधिमंडल ने यह भी कहा कि यदि शीघ्र पहल नहीं की गई तो जन आंदोलन की रूपरेखा तैयार की जाएगी।

डायग्नोस्टिक लूट पर लगेगी लगाम
प्रतिनिधियों ने बताया कि सरकारी अस्पतालों में सुविधा न होने का फायदा निजी अस्पताल और डायग्नोस्टिक सेंटर उठा रहे हैं। एमआरआई व सिटी स्कैन जैसी जांचों पर होने वाले इस आर्थिक शोषण को रोकने के लिए सरकारी अस्पतालों में ये मशीनें बेहद जरूरी हैं।
जनसेवक युवा गरोह ने भरोसा जताया है कि प्रशासन जनता की जरूरतों को समझते हुए जल्द इस दिशा में कदम उठाएगा।

By kgnews

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *