राजनांदगांव , रियल स्टेट में निवेश के नाम पर ग्रामीणों से करोड़ों रुपए ठगने वालों पर कार्रवाई की मांग लेकर निवेशकों ने टेड़ेसरा में प्रदर्शन किया। निवेशकों का आरोप है कि बार-बार शिकायत के बावजूद चिटफंड कंपनी के प्रमुखों पर प्रशासन कार्रवाई नहीं कर रही है।
सोमवार सुबह राजनांदगांव और दुर्ग के निवेशक टेड़ेसरा में जुटे। कांग्रेस जिलाध्यक्ष जितेंद्र मुदलियार भी निवेशकों के साथ मौजूद रहे। उन्होंने हाईवे में प्रदर्शन शुरु कर दिया। निवेशकों ने बताया कि एवीएम रियल स्टेट एंड एलाइड कंपनी के चेयरमैन आरपी द्विवेदी, अनिल साहू, महेंद्र साहू, राजेश देशमुख व आशुतोष द्विवेदी ने क्षेत्र के ग्रामीणों से रकम दोगुना करने का झांसा देकर करोड़ों रुपए निवेश कराया।
उन्हें निवेश के बाद बांड पेपर भी दिया गया। निर्धारित अवधि के बाद रकम दोगुना कर लौटने की बात कही। लेकिन उन्हें एक भी रुपए नहीं लौटाया गया। चिटफंड कंपनी में बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने राशि निवेश की है।
