राजनांदगांव , ऑपरेशन यात्री सुरक्षा, ऑपरेशन रेल सुरक्षा और नार्कोस के तहत आरपीएफ नागपुर मंडल ने बड़ी कार्रवाई की। रेलवे सुरक्षा बल ने ऑपरेशन अंतर्गत 24 घंटे के भीतर 4 मामलों में 8 आरोपियों को गिरफ्तार किया।
गाड़ी संख्या 18109 टाटा-ईतवारी एक्सप्रेस से गोंदिया स्टेशन पर एक महिला को संदिग्ध स्थिति में पकड़ा। तलाशी में उसके ट्रॉली बैग से 10 किलो 335 ग्राम गांजा अनुमानित मूल्य 5 लाख 16 हजार 750 एवं एक एंड्रॉयड मोबाइल बरामद किया। आरोपी महिला के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जीआरपी गोंदिया ने जांच शुरू की है।
जबलपुर छोर स्थित नॉर्थ गुमटी सिग्नल का ताला तोड़कर केबल क्षतिग्रस्त करने वाले तीन आरोपियों को श्वान दस्ते और सीसीटीवी फुटेज से पहचान कर अलग-अलग स्थानों से गिरफ्तार किया गया। आरोपियों ने अपराध स्वीकार किया है।
अभियान रेल संपत्ति की सुरक्षा, यात्री सामान की चोरी की रोकथाम, प्रतिबंधित मादक पदार्थों, अवैध शराब एवं अन्य अवैध वस्तुओं के परिवहन पर अंकुश लगाने चलाया जा रहा है। राजनांदगांव रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म 1 पर मध्यरात्रि चेकिंग के दौरान 3 संदिग्ध व्यक्तियों को यात्रियों के सामान की रैकी करते पकड़ा गया। पूछताछ में उनके पास वैध यात्रा टिकट नहीं मिला। इसके बाद उन्हें अग्रिम कार्रवाई के लिए जीआरपी डोंगरगढ़ के सुपुर्द किया गया।
गाड़ी संख्या 11754 की निगरानी के दौरान बालाघाट स्टेशन में एक युवक को संदिग्ध अवस्था में अंधेरे से निकलकर ट्रेन में चढ़ते और रैकी करते पकड़ा गया। पूछताछ में संतोषजनक उत्तर नहीं मिलने पर जांच की। जिसमें वर्ष 2016 से 2023 के बीच उसके विरुद्ध चोरी, आर्म्स एक्ट एवं अन्य धाराओं के तहत 8 मामले दर्ज मिले। आरोपी को जीआरपी को सौंपा गया।
