राजनांदगांव | शिवनाथ नदी में मोंगरा बैराज से पानी छोड़े जाने के कारण निचली बस्तियों में बाढ़ का खतरा मंडरा रहा है।लगातार हो रही बारिश से नदी-नाले उफान पर हैं। इन सब के बीच शिवनाथ नदी का जल स्तर बहुत तेजी से बढ़ने का एक अन्य कारण भी सामने आया है। दरअसल शिवनाथ नदी में जगह-जगह बने स्टापडेम के गेटों को समय रहते खोला ही नहीं गया है। यही कारण है कि बरसाती पानी तेजी से पास नहीं हो पा रहा और शिवनाथ का जल स्तर अचानक ही बढ़ जा रहा है।

इससे पहले भी कई दफे सामने आया है कि बारिश के मौसम में शिवनाथ नदी में बने स्टापडेम कम एनीकट के गेटों को खोला नहीं गया। वहीं बंद करने के समय देरी होने के कारण इन एनीकटों में गर्मी के मौसम के लिए पानी नहीं रहता। अभी हाल ही में तकरीबन दस दिनों से जिले में बारिश की चेतावनी मौसम विभाग द्वारा दी जा रही थी।

प्राप्त जानकारी अनुसार राजनांदगांव जिले में इस वर्ष चालू मानसून वर्ष में 1 जून 2025 से अब तक जिले के सभी 7 तहसीलों में 1753.4 मिमी बारिश एवं औसत 250.5 मिमी बारिश दर्ज की गई है। अब तक सर्वाधिक वर्षा राजनांदगांव तहसील में 351.7 मिमी दर्ज की गई है।

वनांचल में तेज बारिश के बाद मोंगरा बैराज से पानी छोड़े जाने की जानकारी भी दी गई। इसके बाद भी जल संसाधन विभाग के अफसरों ने गेट खुलवाने में गंभीरता नहीं दिखाई।

बारिश थमने के बाद बैराजों से कम पानी छोड़ा जा रहा, जिसके चलते शिवनाथ का जल स्तर भी घटने लगा है। शिवनाथ का जल स्तर कम होने से नदी किनारे व निचली बस्तियों में रहने वाले लोगों ने राहत की सांस ली है। बाढ़ की संभावना को देखते हुए जिला प्रशासन ने बाढ़ नियंत्रण कक्ष का हेल्प लाइन नंबर 7744220557 जारी किया है।

By kgnews

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *