राजनांदगांव, पुलिस अब शहर की सड़कों से मवेशी हटाने का काम संभाल रही है। जिला व पुलिस प्रशासन ने इसके लिए नया फरमान जारी कर दिया है। सभी थानेदारों को अपने क्षेत्र में मौजूद घुमंतू मवेशियों को हटाने और मवेशी मालिकों पर कार्रवाई करने कहा गया है। जिसके बाद से पुलिस के जवान सड़कों पर दौड़ लगाते दिख रहे हैं।

गुरुवार को सोमनी और बसंतपुर थाना क्षेत्र में 7 मवेशी मालिकों पर एफआईआर भी दर्ज की गई। प्रशासन इसे सख्ती बता रही है। लेकिन यह पुलिस के लिए किसी चुनौती से कम नहीं है। पुलिस पहले सड़क पर मौजूद मवेशियों को पकड़ रही। इसके बाद मवेशियों पर किए गए टैगिंग की फोटो खींच रही। जिसे पशु चिकित्सा विभाग की टीम को भेजा जा रहा। इससे मवेशी मालिका का नाम सामने आ रहा। गुरुवार को पुलिस जवान इसी में जुटे रहे। कुछ जगहों पर तो मवेशी जवानों को छंकाते भी रहे। देर शाम टैगिंग में मिले डिटेल के आधार पर सोमनी पुलिस ने 5 और बसंतपुर पुलिस ने 2 मवेशी मालिकों पर एफआईआर दर्ज की है। शेष थाना क्षेत्रों में भी मवेशियों के धरपकड़ के लिए अभियान चलता रहा।

भास्कर ने अपने 20 अगस्त के अंक में हाइवे में हाई रिस्क शीर्षक को लेकर खबर प्रकाशित की थी। जिसमें पड़ताल करते हुए बताया था कि हाइवे में बिजली के खंभों में लगी लाइटें बंद पड़ी है। इससे हादसों का खतरा बढ़ गया है। इसके बाद जिला प्रशासन ने गंभीरता दिखाते हुए मवेशियों को हटाने सख्त पहल की है। बिजली पोल में भी सुधार किया जा रहा है।

बीते दिनों जिला प्रशासन की बैठक हुई। इसमें सड़क पर मौजूद मवेशियों को लेकर चिंता जाहिर की गई। बीते दिनों इंदामारा के पास 11 मवेशियों को अज्ञात वाहन ने रौंदा दिया था। इसे लेकर भी बैठक में चर्चा की गई। जिसके बाद जिलेभर में घुमंतू मवेशियों के खिलाफ अभियान शुरू किया गया है। बैठक में स्पष्ट किया गया है कि आगे किसी तरह का हादसा मवेशी के साथ या मवेशी की वजह से हुआ तो उसके मालिक पर भी जिम्मेदारी तय की जाएगी। मवेशी पकड़ने की जिम्मेदारी के बाद सभी थानो में एक एएसआई के साथ चार से पांच जवानों की टीम बनाई जा रही हैए जो लगातार सड़कों पर मौजूद रहकर घुमंतू मवेशियों की धरपकड़ करेगी। इनके मालिकों को चेतावनी देगी या सीधे एफआईआर करेगी।

गांवों में भी हो रही मुनादी मवेशियों को गांव तक रखें नेशनल हाइवे और दूसरी सड़कों पर बड़ी संख्या में मवेशी ग्रामीण इलाकों से आ रहे हैं। दरअसल इन दिनों खेतों में फसल लगी हुई है। जिसके चलते गांवों से मवेशियों को बाहर खदेड़ा जा रहा है। मजबूरन मवेशी शहर की सड़कों और इसके आसपास डेरा जमा रहे हैं। जिसे देखते हुए अब गांवों में भी मुनादी शुरू कराई गई है। जिला प्रशासन सभी गांवों में मुनादी कर मवेशी मालिकों को चेतावनी जारी करा रही है। उन्हें अपने मवेशियों को गांवों में ही रखने कहा जा रहा है। कार्रवाई की भी चेतावनी दी जा रही है। सख्ती भी कर रहे हैं।

By kgnews

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *