धमतरी 25 जनवरी . राष्ट्रीय मतदाता दिवस का मुख्य उद्देश्य मतदाताओं को जागरूक कर अपने मताधिकार का सही तरीके से उपयोग करने प्रेरित करना है। लोकतांत्रिक देश में मतदान का विशेष महत्व है, अतः सभी मतदाताओं को अपने मताधिकार का सोच-समझकर प्रयोग करना चाहिए। उक्त आशय का उद्बोधन आज जिला और सत्र न्यायाधीश श्री सुधीर कुमार ने जिला स्तर पर राष्ट्रीय मतदाता दिवस के अवसर पर स्थानीय डाॅ.शोभाराम देवांगन स्कूल परिसर में आयोजित कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि की आसंदी से दिया। ज्ञात हो कि सुबह 11 बजे से आहूत इस कार्यक्रम में जहां एक ओर नए मतदाताओं का स्वागत बैच लगाकर अतिथियों द्वारा किया गया, वहीं उन्हें रंगीन फोटोयुक्त परिचय पत्र भी प्रदाय किया गया। साथ ही उपस्थित सभी मतदाताओं को मुख्य अतिथि ने मताधिकार का सही प्रयोग करने सम्बन्धी शपथ भी दिलाई। इसके अलावा मतदाता सूची का  विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण के तहत के तीनों विधानसभाओं में उत्कृष्ट कार्य करने वाले तीन बी.एल.ओ. को प्रशस्ति पत्र और पांच हजार-पांच हजार रूपए के चेक का प्रमाण पत्र दिया गया। इनमें सिहावा की बी.एल.ओ. श्रीमती निशा, कुरूद (भेण्डरी) की श्रीमती मालती ध्रुव और धमतरी के स्टेशन पारा की बी.एल.ओ. श्रीमती गौरी राजपूत सम्मिलित हैं।
इसके साथ ही स्वीप के तहत मतदाता जागरूकता अभियान के प्रचार-प्रसार में उत्कृष्ट कार्य करने वाले बाबू छोटेलाल श्रीवास्तव स्नातकोत्तर महाविद्यालय के स्वीप के नोडल अधिकारी और सहायक प्राध्यापक श्री पंकज जैन को सात हजार रुपए का चेक और प्रशस्ति पत्र प्रोत्साहन स्वरूप दिया गया। इस मौके पर पुलिस अधीक्षक श्री बी.पी.राजभानु ने ग्यारहवें राष्ट्रीय मतदाता दिवस की बधाई देते हुए सबको अपने मताधिकार का प्रयोग सही तरीके से करने का आह्वान किया। इस मौके पर उप जिला निर्वाचन अधिकारी श्री डी.सी. बंजारे ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए बताया कि वर्ष 2011 से भारत निर्वाचन आयोग के निर्देश पर मतदाताओं को जागरूक करने राष्ट्रीय मतदाता दिवस का आयोजन किया जा रहा है। भारत निर्वाचन आयोग द्वारा डिजिटल तकनीक की दिशा में नए-नए आयाम विकसित किए गए हैं। इसी कड़ी में आज आयोग ने सभी मतदाताओं के लिए e-Epic  लॉन्च किया है। इसके जरिए सभी मतदाता घर बैठे इंटरनेट की सुविधा से अपना डिजिटल फोटोयुक्त मतदाता पहचान पत्र खुद डाउनलोड कर प्राप्त कर सकेंगे, जिसे निर्वाचन सम्बन्धी सभी कार्यों के लिए मतदाता पहचान पत्र के रूप में प्रयोग किया जा सकेगा। उन्होंने यह भी बताया कि e-Epic  प्राप्त करने के लिए मतदाता को निर्वाचन आयोग के वोटर हेल्पलाइन मोबाइल एप अथवा https://voterportal.eci.gov.in  या https://nvsp.in  पर स्वयं को पंजीकृत करना होगा। पहले चरण में आज से 31 जनवरी तक केवल, नए जुड़े मतदाता, जिनका मोबाइल नंबर रजिस्टर्ड है, उनके लिए यह सुविधा उपलब्ध रहेगी। उसके बाद एक फरवरी से ऐसे मतदाता e-EPIC डाउनलोड कर सकते हैं, जिनके मोबाइल नंबर निर्वाचक नामावली में पूर्व से प्रविष्ट हैं। शेष मतदाता जिनके मोबाइल नंबर निर्वाचक नामावली में उपलब्ध नहीं वे e-EPIC के जरिए इलेक्ट्रॉनिक मतदाता पहचान पत्र प्राप्त कर सकते हैं। बताया गया है कि विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण अर्हता तिथि एक जनवरी 2021 के तहत जिले में मतदाताओं की संख्या छः लाख 10 हजार 667 है। इनमें तीन लाख एक हजार 198 पुरूष और तीन लाख नौ हजार 469 महिला मतदाता शामिल हैं। इसी तरह 8371 नए मतदाता जुड़ गए और मृत्यु, शादी एवं अन्य स्थानांतरण के तहत 4493 मतदाताओं के नाम विलोपित अथवा स्थानांतरित किए गए हैं।
गौरतलब है कि भारत निर्वाचन आयोग द्वारा ग्यारहवें राष्ट्रीय मतदाता दिवस का थीम ’सभी मतदाता बनेंः सशक्त, सतर्क, सुरक्षित एवं जागरूक’ तय किया गया है। ग्यारहवें राष्ट्रीय मतदाता दिवस के मौके पर जिला, तहसील सहित सभी मतदान केन्द्रों में कार्यक्रम आयोजित किए गए। राष्ट्रीय मतदाता दिवस के जिला स्तरीय कार्यक्रम में प्रभारी कलेक्टर श्री मयंक चतुर्वेदी, अपर कलेक्टर श्री दिलीप अग्रवाल सहित अन्य अधिकारी, नए मतदाता और अन्य उपस्थित रहे।  

By kgnews

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *