ग्वालियर। सोनचिरैया अभ्यारण्य के नाम पर एनओसी के लिए 8 हजार रूपये की डिमांड करने वाले वन विभाग के ड्राफ्टमैन जफर अली की रिकॉर्डिंग बुधवार को डीएफओ अभिनव पल्लव ने सुनी। इस रिकॉर्डिंग में जफर अली फॉरेस्ट एनओसी देने के नाम पर रिश्वत की खुलेआम डिमांड कर रहा है। वन विभाग ने बुधवार को नईदुनिया से इस सबंध में सबूत मांगे जो उपलब्ध करा दिए गए। डीएफओ अभिनव पल्लव ने शासन के नियमानुसार पहले नोटिस जारी कर दिया है, जिसमें नईदुनिया में एनओसी के नाम पर रिश्वत मांगे जाने के प्रकाशित स्टिंग को लेकर जवाब मांगा गया है। डीएफओ ने जफर अली का निलंबन प्रस्ताव तैयार कर लिया है, जिस पर चीफ फॉरेस्ट कंजर्वेटर बीएस अग्नागेरी हस्ताक्षर करेंगे। स्टिंग के बाद से वन विभाग में हड़कंप है।

ज्ञात रहे कि नईदुनिया ने अपने बुधवार के अंक में ” सोनचिरैया के नाम पर ठग रहे रूपैया” शीर्षक से स्टिंग ऑपरेशन प्रकाशित किया था। इसमें वन विभाग सिटी सेंटर में पदस्थ ड्राफ्टमैन जफर अली के सोनचिरैया अभ्यारण्य की डी-नोटिफाइड हो चुकी जमीन पर फॉरेस्ट एनओसी के नाम पर 8 हजार रूपये की रिश्वत मांगे जाने के मामले को बताया गया। गिरवाई पर एक सर्वे नंबर की जमीन की रजिस्ट्री के लिए फॉरेस्ट एनओसी की जरूरत थी, जिसमें नईदुनिया टीम आवेदक बतौर जफर अली के पास गई और जफर अली ने 8 हजार रूपये एनओसी का रेट बताया। इसमें जफर अली ने यह भी इशारा किया कि फाइल और भी अधिकारियों पर जाती है।

सीसीएफ करेंगे निलंबन,विभागीय जांच होगीः वन विभाग के ड्राफ्टमैन जफर अली को बुधवार को नोटिस जारी किया गया है। नोटिस के बाद निलंबन का प्रस्ताव तैयार कर लिया गया, जो रिकॉर्डिंग के पूरे सबूत सहित सीसीएफ बीएस अन्नागेरी को भेजा जाएगा। सीसीएफ निलंबन की कार्रवाई करेंगे। इसके साथ ही विभागीय जांच भी शुरू की जाएगी, जिसका जिम्मा एक अलग अफसर को सौंपा जाएगा।

वर्जन-

डीएफओ की ओर से जांच रिपोर्ट और प्रस्ताव मेरे पास आते ही निलंबन की कार्रवाई की जाएगी। कार्रवाई में कोई विलंब नहीं होगा।

बीएस अन्नागेरी ,सीसीएफ

वर्जन-

ड्राफ्टमैन जफर अली की रिश्वत मांगे जाने वाली रिकॉर्डिंग सुन ली गई है। नोटिस जारी कर दिया गया है और निलंबन का प्रस्ताव तैयार कर लिया है। सीसीएफ इस पर कार्रवाई करेंगे।

अभिनव पल्लव,डीएफओ

By kgnews

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *