वाराणसी के पुरानापुल क्षेत्र में शुक्रवार की रात बबलू सोनकर (41) के सिर पर लकड़ी के बोटा से वार कर हत्या कर दी गई। वारदात की वजह पुरानी रंजिश बताई गई है। बबलू के भाई किशन सोनकर ने घटना के संबंध में चार नामजद और अन्य अज्ञात के खिलाफ सारनाथ थाने में तहरीर दी। पुलिस एक आरोपी को हिरासत में लेकर अन्य आरोपियों की तलाश कर रही है।सारनाथ थाना क्षेत्र के पुरानापुल पुलकोहना का रहने वाला बबलू सोनकर अपना मालवाहक चलाता था। किशन ने बताया कि बबलू अपना मालवाहक लेकर रात 9:40 बजे के करीब पंचक्रोशी सब्जी मंडी गया था। वहां कुछ लोग शराब पी रहे थे। उसी दौरान पुरानी रंजिश को लेकर उन लोगों से कहासुनी हुई।इस पर पुरानापुल क्षेत्र के ही लवकुश सोनकर, नीरज, गोलू सोनकर, आर्यन और उनके दो साथियों ने बबलू को घेर लिया। कहासुनी के बाद सभी ने उसके सिर पर लकड़ी के बोटा से हमला कर दिया। हमले में बबलू निढाल होकर जमीन पर गिर पड़ा तो सभी उसे मरा हुआ समझ कर भाग खड़े हुए।
घटना की जानकारी पाकर बबलू को आनन-फानन दीनदयाल अस्पताल ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। किशन ने बताया कि हमला करने वाले उसके इलाके के ही मनबढ़ किस्म के लोग हैं। उनसे पुरानी रंजिश में बबलू की कहासुनी हुई थी, लेकिन हम लोगों ने यह नहीं सोचा था कि वह सभी उसकी जान ले लेंगे।
अस्पताल पहुंची बबलू की पत्नी समेत अन्य परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस ने उधर, इस संबंध में डीसीपी वरुणा जोन अमित कुमार ने बताया कि आरोपियों की धरपकड़ कर सभी के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई का निर्देश सारनाथ थानाध्यक्ष को दिया गया है।
