छत्तीसगढ़ के सरगुजा में शादी समारोह में शामिल होकर अपने घर लौट रही युवती के साथ गैंगरेप की घटना हुई है. दो युवकों ने अंधेरे का फायदा उठाकर युवती के साथ गलत काम किया. पीड़िता की शिकायत पर तत्काल कार्रवाई करते हुए पुलिस ने दोनों युवकों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है. मामला लुण्ड्रा थानाक्षेत्र का है.
पुलिस ने किया आरोपियों को गिरफ्तार
दरअसल, लुण्ड्रा थानाक्षेत्र में रहने वाली एक युवती बीती रात पड़ोस में आयोजित शादी समारोह में शामिल होने गई थी. जहां से भेंट-मुलाकात के बाद रात में ही अपने घर वापस लौट रही थी. तभी गांव के ही दो युवकों उसे पकड़कर जबरजस्ती दुष्कर्म की घटना को अंजाम दिया. युवती जब घर पहुंची इसकी जानकारी अपने परिजनों को दी. जिसके बाद युवती ने परिजनों के साथ लुण्ड्रा थाना पहुंचकर आरोपियों के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई.
इस पर लुण्ड्रा थाना में आरोपी करम साय और संतोष कुमार के खिलाफ धारा 376,2 (G) के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया. महिला संबंधी अपराध और मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को हिरासत में लिया. पूछताछ में आरोपियों ने जुर्म कुबूल किया. इसके पश्चात दोनों को न्यायिक रिमांड पश्चात जेल दाखिल कर दिया गया है.
एएसपी विवेक शुक्ला ने बताया कि लुण्ड्रा थाना अंतर्गत शादी समारोह से एक युवती आ रही थी और नित्यकर्म के लिए रुकी हुई थी. जिसका फायदा उठाते हुए दो युवकों ने इसके साथ गलत काम किया. इसके आधार पर लुण्ड्रा थाना में एफआईआर पंजीबद्ध कर तत्काल दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है.
