दमन के एक होटल में करंट लगने से पिता-पुत्र की मौत हो गई है। पिता पुत्र गुजरात के निवासी हैं और घूमने के लिए दमन आए थे। यहां होटल में ठहरने के दौरान करंट की चपेट में आ गए और दोनों की मौत हो गई। पुलिस ने इसकी जानकारी दी। पुलिस ने बताया कि नडियाड निवासी श्रीकांत वाघेला (35 वर्षीय) और उनके बेटे शीनोन (6 वर्षीय) की शनिवार को एक होटल के बाथरूम में करंट लगने से मौत हो गई। जांच के बाद होटल को सील कर दिया गया है। घटना शाम करीब चार बजे की है। जहां श्रीकांत अपनी पत्नी और बच्चे के साथ होटल के कमरा नंबर 301 में ठहरे हुए थे। बाथरूम में पिता-पुत्र करंट की चपेट में आ गए। शोर सुनकर लोग पहुंचे और बिजली की आपूर्ति बंद की गई लेकिन तब तक दोनों की मौत हो चुकी थी।
पुलिस ने आईपीसी की धारा 285 औऱ 304 के तहत मामला दर्ज कर लिया है। वहीं घटना के बाद जिला मजिस्ट्रेट सौरभ मिश्रा ने आदेश जारी कर सात दिनों के भीतर दमन के सभी होटलों और गेस्ट हाउस में इलेक्ट्रिक सेफ्टी ऑडिट करने का आदेश दिया है।