Ram Navami : रंग-बिरंगी रोशनी से सजी MP की अयोध्या, 5 लाख दीपों से मनेगी रामनवमी

निवाड़ी/जबलपुर
रामनवमी की खास मौके पर मध्य प्रदेश की अयोध्या ‘ओरछा’ प्रभु श्री राम के जन्मोत्सव के लिए सज गया है. आज ओरछा स्थित श्री राम राजा सरकार मंदिर में 5 लाख दीपों को प्रवजल्लित कर दीपोत्सव मनाया जाएगा. इस खास कार्यक्रम में शिरकत करने प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान समेत प्रभारी मंत्री गोपाल भार्गव ओरछा पहुंचेंगे. मुख्यमंत्री चौहान ओरछा में करीब 4 घंटे रहेंगे. उनका हेलीकॉप्टर शाम 5 बजे ओरछा में लैंड करेगा.

गौरतलब है कि रामनवमी महोत्सव को लेकर ओरछा मंदिर को रंग-बिरंगी रोशनी से सजाया गया है. मंदिर समिति और भक्तों ने कार्यक्रम की कई तरह से तैयारी की है. जानकारी के मुताबिक, आज भगवान श्री राम की भव्य आरती की जाएगी. पंडित उन्हें तरह-तरह के पकवान परोसेंगे और उन्हें दिव्य वस्त्रों-आभूषणों से सजाया जाएगा. भगवान का जन्म दोपहर 12.30 बजे के बाद होगा. जन्म से पहले महाआरती की जाएगी.

बधाई गीत से गूंज उठेगा मंदिर
प्रभु का जन्म होते ही मंदिर बधाई गीत से गूंज उठेगा. इसके बाद प्रसाद वितरण होगा. बता दें, रामराजा सरकार को अयोध्या से ओरछा महारानी कुंअरि गणेश लाई थीं. वे 9 महीने पैदल चलकर भगवान को यहां लाई थीं. यही वजह है कि ओरछा में रामनवमीं पर जब भी भगवान की शोभायात्रा निकलती है, तब उसकी अगवानी 9 प्रवेश द्वारों पर होती है. इन द्वारों पर शोभायात्रा पर पुष्प वर्षा की जाती है. शोभायात्रा में शहर के साथ-साथ पूरे देश से लोग आएंगे.

शाम 7:30 बजे जलेंगे लाखों दीप
तय कार्यक्रम के मुताबिक, सुबह 8.30 बजे कुश नगर प्रथम दरवाजे से रामराजा सरकार की शोभायात्रा निकलेगी. इसके बाद दोपहर 12 बजे शोभायात्रा मंदिर पहुंचेगी. दोपहर साढ़े 12 बजे महाआरती की जाएगी, जिसके बाद भगवान श्री राम का जन्म होगा. शाम 7:30 बजे श्री रामराजा मंदिर में 5 लाख दीप जलाए जाएंगे.

See also  नियमितीकरण, समय पर वेतन, सुरक्षा उपकरण और ठेका प्रथा समाप्त करने सहित कई मांगों पर बनी रणनीति

कई कार्यक्रमों में हिस्सा लेंगे सीएम
शाम 5:35 पर मुख्यमंत्री मेला ग्राउंड पहुंचेंगे. यहां ओरछा गौरव दिवस और विकास कार्यों का भूमिपूजन-शिलान्यास करेंगे. शाम 6:45 बजे कंचन घाट पर रामलीला के समापन और राज्याभिषेक की आरती में शिरकत करेंगे. इस मौके पर सीएम वनवासी लीला की 18 मंडलियों को रवाना करेंगे. इन मंडलियों में लगभग 400 कलाकार शामिल हैं. शाम 7:30 बजे वे श्री रामराजा मंदिर पहुंचेंगे और प्रभु के दर्शन कर दीप प्रज्ज्वलन करेंगे. सीएम चौहान रात 8:20 पर मेला ग्राउंड में द्वीप प्रज्ज्वलन में शामिल वॉलिंटियर्स से चर्चा करेंगे. रात 9 बजे वे झांसी रेलवे स्टेशन के लिए रवाना होंगे, वहां से भोपाल जाएंगे.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *