रायपुर: छत्तीसगढ़ में पिछले 3 दिनों से कड़ाके की ठंड पड़ रही है। कई जिलों में रात का तापमान सामान्य से कम है। सरगुजा संभाग शीतलहर की चपेट में है। बलरामपुर सबसे ठंडा रहा। मैनपाट में कोहरा छाया है। यहां रात का तापमान 5.2 डिग्री दर्ज किया गया। मैदानी इलाकों में दुर्ग में रात का तापमान सामान्य से 4.5 डिग्री कम रहा। मौसम विभाग के मुताबिक छत्तीसगढ़ में अगले 24 घंटों तक न्यूनतम तापमान में कोई विशेष बदलाव होने की संंभावना नहीं है। उसके बाद सोमवार से रात के तापमान में 2-3 डिग्री सेल्सियस की मामूली बढ़ोतरी होने की संभावना है। पिछले दो-तीन दिन सर्दी पड़ने के बाद अब अगले एक-दो दिन ठंड से राहत रहेगी।

शुक्रवार को प्रदेश में अच्छी ठंड रही। प्रदेश के अधिकांश स्थानों पर रात का तापमान सामान्य से कम रहा। उत्तरी इलाके में शीतलहर जैसे हालात रहे। अंबिकापुर में रात का तापमान 5.4 डिग्री रिकॉर्ड किया गया। यह सामान्य से 3.3 डिग्री कम रहा। पेंड्रा रोड में भी काफी ठंड रही। यहां पारा 7.6 डिग्री रहा। यह नॉर्मल से 2.6 कम था। आज आसमान साफ रहेगा। तापमान में गिरावट दर्ज की जा सकती है। रायपुर समेत कुछ जिलों में दिन का पारा अभी भी 30 डिग्री के आस-पास ही बना हुआ है। वहीं रात का पारा 12.9 डिग्री रिकॉर्ड किया गया, जो सामान्य से 0.7 डिग्री कम था। रायपुर में शनिवार को अधिकतम और न्यूनतम तापमान 29°C और 13°C के आसपास रहने की संभावना है।

छत्तीसगढ़ में मैदानी इलाकों दुर्ग संभाग सबसे ठंडा है। शुक्रवार को दुर्ग में न्यूनतम तापमान 8.9 डिग्री रिकॉर्ड किया गया, जो सामान्य से 4.5 डिग्री कम रहा। तकनीकी रूप से दुर्ग जिले में शीत लहर जैसी स्थिति बनी हुई है। हालांकि दिन का तापमान 30 डिग्री से अधिक बना हुआ है। मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि शनिवार से इसमें थोड़ा बदलाव आने की संभावना है। यह स्थानीय प्रभाव के कारण हो रहा है। रविवार से सोमवार तक न्यूनतम तापमान में एक-दो डिग्री की वृद्धि होगी। वहीं मंगलवार से पश्चिमी विक्षोभ बनने लगेगा। इस सिस्टम के कारण हवा की दिशा उत्तरी होगी। तापमान में कमी आने के साथ ठंड बढ़ने लगेगी।

By kgnews

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *