बिलासपुर। शहर में शुक्रवार को चाकूबाजी की तीन अलग-अलग घटनाएं सामने आईं। इनमें एक मामला लिव-इन रिलेशनशिप में रह रही महिला पर उसके पार्टनर द्वारा किए गए हमले का है। सभी घटनाएं सरकंडा थाना क्षेत्र की है। सरकंडा थाना क्षेत्र के सीपत चौक के पास जैन मंदिर गली में शुक्रवार देर शाम एक महिला पर उसके लिव-इन पार्टनर ने चाकू से हमला कर दिया। नीलू कश्यप (30) एक बच्चे की मां है। वह अपने पति से अलग होकर कालीबाड़ी के पास किराए के मकान में रहती है। उसके साथ रहने वाले सनत कश्यप नामक युवक ने उस पर चाकू से ताबड़तोड़ वार किए। महिला मौके पर ही बेहोश हो गई। स्थानीय लोगों की सूचना पर पुलिस ने पहुंचकर महिला को सिम्स में भर्ती कराया। सीएसपी सिद्धार्थ बघेल ने बताया कि पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी है और संदिग्धों से पूछताछ की जा रही है।

सरकंडा क्षेत्र के चिंगराजपारा स्कूल चौक पर शुक्रवार सुबह दो जुड़वा भाइयों पर चाकू से हमला हुआ। शिव टॉकीज चौक निवासी अभिषेक और आदित्य श्रीवास आत्मानंद स्कूल के छात्र हैं। उनका रोहित रजक और रोहन साहू से पुराना विवाद था। शुक्रवार सुबह रोहित और रोहन ने भाइयों को घर बुलाकर हमला कर दिया। गर्दन और पीठ पर चोट लगने के कारण दोनों को निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। गुरुवार शाम अशोक नगर अटल आवास पानी टंकी के पास एक युवती से झगड़े के दौरान बीच-बचाव करने आए दो युवकों पर चाकू से हमला किया गया। कान्हा यादव नामक युवक गाली-गलौज कर रहा था, जिसे रोकने ओमप्रकाश ध्रुव और विकास यादव पहुंचे। इस दौरान कान्हा ने चाकू से उन पर हमला कर दिया। घायलों को सिम्स में भर्ती कराया गया है।

By kgnews

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *