राजनांदगांव  कृषक उन्नति योजना से किसानों की जिंदगी संवर रही है। उनके जीवन स्तर का उन्नयन हुआ है और वे नवीनतम एवं आधुनिक कृषि करने के लिए प्रेरित हुए है। शासन द्वारा कृषक उन्नति योजना के तहत किसानों से 3100 रूपए प्रति क्विंटल की दर और प्रति एकड़ 21 क्विंटल के मान से धान खरीदी होने पर किसान खुश हैं। राजनांदगांव विकासखंड के ग्राम मोखला के किसान श्री गोवर्धन दास साहू ने बताया कि वर्ष 2023-24 का बोनस लगभग 2 लाख रूपए की राशि मिली है। दो वर्ष की बकाया बोनस राशि 1 लाख रूपए मिली है। वहीं इस वर्ष धान बिक्री से 5 लाख 65 हजार रूपए की राशि खाते में आ गई है। उन्होंने बताया कि लगभग 2 लाख रूपए बोनस और प्राप्त होगा। उन्होंने कहा कि सरकार किसानों को धान का अच्छा मूल्य दे रही है। जिससे किसानों को अब बचत हो रही है और किसानों में आधुनिक कृषि यंत्रों एवं आधुनिक पद्धति से खेती करने में रूझान बढ़ा है। इससे उपज में वृद्धि हो रही है। किसान गोवर्धन दास साहू ने बताया कि उन्होंने प्राप्त राशि से ट्रेक्टर एवं थ्रेसर मशीन खरीदा है तथा खेती-किसानी एवं घरेलू कार्य में राशि का उपयोग कर रहे है। उन्होंने बताया कि उनके पास 12.5 एकड़ जमीन है तथा इस वर्ष उनके पूरे धान की बिक्री हो गई है। उन्होंने कृषक उन्नति योजना का लाभ मिलने पर मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय को बहुत धन्यवाद दिया।

राजनांदगांव विकासखंड के ग्राम सुरगी के किसान सुकृत दास साहू ने कहा कि देश के अन्य राज्यों की अपेक्षा छत्तीसगढ़ के किसानों को धान का अच्छा मूल्य मिल रहा है, जिससे उनके जीवन में परिवर्तन आया है। उन्होंने बताया कि विगत वर्ष धान बिक्री से 1 लाख 11 हजार रूपए की राशि प्राप्त हुई थी। वहीं दो वर्ष की बकाया राशि 60 हजार रूपए प्राप्त हुआ। इस राशि का उपयोग वह अपने घर का नवीनीकरण करने के लिए कर रहे हैं। 3 एचपी का मोटर पंप खरीदे हैं तथा राशि का उपयोग खेती-किसानी में कर रहे हैं।

By kgnews

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *