राजनांदगांव. चुनाव के वक्त बदहाल सड़कों को चकाचक दिखाने के लिए नगर निगम की ओर से डामरीकरण का कार्य कराया जा रहा है। हाल ही में सृष्टि कॉलोनी के रहवासियों ने डामरीकरण में गुणवत्ता का ध्यान नहीं रखे जाने का आरोप लगाते हुए काम बंद करा दिया था। आरोप था कि ठेकेदार थूक पॉलिस कर रहे हैं। काम बंद कराने के साथ ही वार्ड के लोगों ने गुणवत्ता पर सवाल उठाते हुए हंगामा किया था। काम बंद कराए जाने से नगर निगम में हड़कंप मच गया। ऐन चुनाव के वक्त निर्माण कार्य को लेकर आपत्ति आए जाने से निगम के अफसरों की नींद उड़ गई है। वहीं गुणवत्ता को लेकर सवाल उठाए जाने से सत्ताधारी दल की भी किरकिरी हो रही है। शिकायत सामने आने पर निगम आयुक्त अतुल विश्वकर्मा ने निरीक्षण कर मापदंड के अनुरूप डामरीकरण कराने व गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए।
वर्तमान में सृष्टि कॉलोनी, गौरव पथ, राजीव नगर, शिव नगर के पास, सिविल लाइन एसपी ऑफिस के पास, जीवन विहार कॉलोनी, मोतीपुर क्षेत्र में डामरीकरण कार्य चल रहा है। आयुक्त विश्वकर्मा शहर में चल रहे डामरीकरण कार्य में सृष्टि कॉलोनी के डामरीकरण कार्य का निरीक्षण कर शासन के मापदंड के अनुरूप डामरीकरण कराने के निर्देश तकनीकी अधिकारियोें को दिए।
उन्होने सृष्टि कॉलोनी का डामरीकरण कार्य देख कहा कि इसी प्रकार डामरीकरण में सही तरीके से रोलिंग करें। डामरीकरण के पूर्व संबंधित क्षेत्र से गाड़ियाँ हटवा लेें, क्षेत्रवासियों से डामरीकरण में सहयोग करने अपील करें। जिस क्षेत्र में डामरीकरण किया जाना है, उस क्षेत्र के पाइप लाइन नल कनेक्शन आदि की जांच कर दुरूस्त करने कहा ताकि डामरीकरण के बाद रोड खोदने की स्थिति निर्मित न हो।
आयुक्त ने कहा कि प्राथमिकता तय कर डामरीकरण कार्य करें तथा शासन द्वारा निर्धारित मापदंड के अनुसार डामरीकरण हो, सभी उप अभियंता डामरीकरण के दौरान अपने प्रभारित वार्ड में उपस्थित रहेंगे। इसके अलावा डामर प्लांट में मेट व उप अभियंता डामर की मात्रा, गिट्टी मिक्सिंग की जांच करेंगे। इसके बाद डामरीकरण कराएं। उन्होंने कहा कि डामरीकरण के दौरान यातायात बाधित न हो, इसके लिए एक-एक तरफ डामरीकरण कराएंगे। तकनीकी अधिकारी गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखेंगे।
