राजनांदगांव | मेले का आनंद लेने हर दिन सैकड़ों की संख्या में लोग पहुंच रहे हैं। स्टेट स्कूल में आयोजित स्वदेशी मेले में प्रतिदिन विविध प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जा रहा है। इन प्रतियोगिताओं में विजयी होने वाले प्रतिभागियों को आकर्षक गिफ्ट आइटम आयोजन समिति की ओर से प्रदान किए जा रहे हैं। बुधवार को केश सज्जा और युगल जोड़ी प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इसी तरह गुरुवार को आरती थाली सजाओ, पारंपरिक वेशभूषा, 21 फरवरी को व्यंजन प्रतियोगिता और बसंत सुंदरी प्रतियोगिता, 22 फरवरी को रंग भरो चित्रकला, शिशु वेशभूषा प्रतियोगिता और 23 फरवरी को निबंध और क्राफ्ट प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा। मेले में लखनवी टेराकोटा आर्ट और बुलंदशहर में बने चीनी मिट्टी के बर्तन लोगों के लिए आकर्षण का केंद्र बने हुए हैं। इसके अलावा उत्तर प्रदेश से आई रंग बिरंगी कालीन लोगों का ध्यान अपनी ओर खींच रही है। खाने के शौकीन लोगों के लिए राजस्थानी अचार की विशाल रेंज उपलब्ध है। परिसर में सजे मीना बाजार का आनंद लेने में बच्चे जवान तो क्या बड़े बुजुर्ग भी पीछे नहीं है। हवाई झूला, टॉय ट्रेन, रोलर स्कूटर, मिकी बाउंसर के साथ तरह-तरह के झूले लोगों को पसंद आ रहे हैं।

By kgnews

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *