राजनांदगांव खाड़ी में बने चक्रीय चक्रवात परिसंचरण और तीन अलग-अलग द्रोणिका कमजोर पड़ रही है। इस सिस्टम का असर गुरुवार को भी बना रहेगा। लेकिन इसके बाद मौसम साफ होगा और तापमान में बढ़ोतरी होगी। 18 अप्रैल से अधिकतम तापमान में 4 डिग्री तक के बढ़ोतरी की संभावना है।

मौसम विज्ञानी एचपी चंद्रा ने बताया कि चक्रवाती सिस्टम के असर से गुरुवार को भी जिले में अंधड़ चलने की संभवना है। इसके अलावा कुछ हिस्से में हल्की बारिश भी हो सकती है। लेकिन यह इस सिस्टम का अंतिम असर होगा। इसके बाद मौसम में सुधार होने लगेगा। जिससे दिन और रात के तापमान में बढ़ोतरी होगी। यह बढ़ोतरी 4 डिग्री तक संभावित है।

इससे एक बार फिर भीषण गर्मी और हीट वेव की स्थिति बनेगी। अप्रैल के अंतिम सप्ताह तक तापमान का स्तर 44 डिग्री तक पहुंचने की संभावना बन रही है। अब तक की स्थिति में भी अप्रैल बीते सालों की तुलना में कही अधिक गर्म बना हुआ है। जिले में अप्रैल के शुरुआती दिनों से ही तापमान का स्तर 40 डिग्री के पार बना हुआ है।

मौसम विभाग आईएमडी ने भी गर्मी को लेकर पूर्वानुमान जारी किया है। जिसमें इस साल गर्मी के नए रिकार्ड दर्ज करने की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग ने बताया है कि अप्रैल के बाद मई भी जमकर गर्म रहने वाला है। तापमान का स्तर बीते साल से अधिक रहेगा। बता दें कि 2024 में गर्मी में जिले का सबसे अधिक तापमान 46 डिग्री दर्ज किया गया था। आशंका है कि इस बार गर्मी इस स्तर को भी पार कर सकती है।

लगातार प्रदेश में सबसे गर्म बना हुआ जिला इस बार गर्मी का हॉट स्पॉट प्रदेश में राजनांदगांव बना हुआ है। तापमान का स्तर 44 डिग्री तक पहुंच चुका है। इसके बाद से तापमान 42 से 43 डिग्री के बीच स्थिर है। बुधवार को भी अधिकतम तापमान 41 डिग्री दर्ज किया गया। यह प्रदेश के अन्य जिलों की तुलना में 3 डिग्री तक अधिक है। वहीं न्यूनतम तापमान के मामले में भी नांदगांव सबसे ऊपर है। चक्रवाती सिस्टम एक्टिव होने के पहले न्यूनतम तापमान 26 डिग्री तक पहुंच गया था। जिसमें फिलहाल गिरावट आई है।

By kgnews

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *