तीर्थ-यात्रियों से किया वर्चुअल संवाद

भोपाल : मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने आज मुख्यमंत्री निवास से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग कर देवास के 32 बुजुर्ग तीर्थ-यात्रियों को शिर्डी तीर्थ-यात्रा की शुभकामनाएँ दी। इंदौर से शिर्डी विमान से तीर्थ-दर्शन के लिये यात्रियों के रवाना होते समय संस्कृति मंत्री सुश्री उषा ठाकुर और इंदौर सांसद श्री शंकर लालवानी उपस्थित थे।

मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि तीर्थ-यात्रा पर जाने की प्रत्येक नागरिक की इच्छा रहती है। तीर्थ-यात्रा आत्मा को सुख प्रदान करती है। वर्ष 2013 में मध्यप्रदेश में तीर्थ-दर्शन योजना बनाई गई थी। योजना में अब हवाई जहाज से यात्रियों को भेजने की शुरूआत हुई है। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी ने भी अनेक ऐसी योजनाएँ संचालित की हैं, जिनसे नागरिकों को आत्म-सुख प्राप्त हो। अयोध्या में श्रीराम मंदिर परिसर के विकास के साथ ही उज्जैन में श्रीमहाकाल महालोक, सलकनपुर में देवीलोक सहित चित्रकूट, ओरछा और जामसांवली जैसे धार्मिक स्थलों पर विभिन्न सुविधाएँ बढ़ाई जा रही हैं, जिससे श्रद्धालुओं और पर्यटकों को आसानी हो सके। तीर्थ-दर्शन योजना में पहले रेल से ही यात्रियों को भेजा जाता था। अब हवाई जहाज द्वारा भी तीर्थ-यात्रा की सुविधा प्रारंभ की गई है। राज्य शासन ने अब पति-पत्नी को एक साथ विमान से तीर्थ-दर्शन के लिए योजना के नियमों में आवश्यक संशोधन की पहल भी की है।

मुख्यमंत्री श्री चौहान ने शिर्डी जा रहे तीर्थ-यात्रियों की सफल यात्रा की कामना करते हुए सहयोग के लिए साथ जा रहे अधिकारी-कर्मचारियों को सभी आवश्यक व्यवस्थाएँ सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

By kgnews

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *