नर्मदा। कलेक्टर इन्द्रजीत सिंह चंद्रवाल ने विकासखंड छुईखदान स्थित नर्मदा मंदिर का अवलोकन किया। उन्होंने मंदिर की ऐतिहासिक पृष्ठभूमि, धार्मिक महत्व एवं परिसर में स्थित कुंड में सदैव जल उपलब्ध रहने की विशेषता के बारे में जानकारी ली। मंदिर समिति के पदाधिकारियों ने कलेक्टर को अवगत कराया कि यह मंदिर क्षेत्र की आस्था का प्रमुख केंद्र है, जहां प्रति वर्ष मेला लगता है।
इस मेले में हजारों श्रद्धालु दर्शन और पूजन के लिए आते हैं। समिति ने बताया कि मेले में अत्यधिक व्यय होता है, परंतु मंदिर के पास आय के सीमित स्रोत है। कलेक्टर ने मेले के दौरान आवश्यक व्यवस्था के लिए स्थायी आमदनी के स्रोत विकसित करने पर बल दिया। कहा कि मंदिर की नियमित देखरेख और विकास कार्यों के लिए दीर्घकालीन कार्ययोजना बनाई जानी चाहिए।
इसके लिए एसडीएम को निर्देश दिए कि मंदिर परिसर और आसपास के क्षेत्रों के विकास के लिए प्रस्ताव तैयार करें। पेयजल, स्वच्छता, प्रकाश व बैठने की व्यवस्था की जाए। कलेक्टर ने आश्वस्त किया कि प्रशासन मंदिर के विकास एवं जनसुविधा के लिए आवश्यक कदम उठाया जाएगा। इस अवसर पर पूर्व विधायक कोमल जंघेल, सांसद प्रतिनिधि खम्मन ताम्रकार, जिला पंचायत के सीईओ प्रेम कुमार पटेल, एसडीएम छुईखदान अविनाश सिंह ठाकुर, मंदिर समिति अध्यक्ष बिसाहू राम सिंहा सहित ग्रामीण व मंदिर समिति के सदस्य मौजूद थे।
