राजनांदगांव दक्षिण पश्चिम मानसून आगे बढ़ने लगा है। मानसून के विस्तारित होने को लेकर अनुकूल स्थिति बनी है। अगले 48 घंटे में मानसून प्रदेश के सभी हिस्सों में विस्तारित हो जाएगा। इसके बाद अच्छी बारिश की स्थिति बनेगी। मौसम विज्ञानी एचपी चंद्रा ने बताया कि मानसून के आगे बढ़ने को लेकर बेहतर सिस्टम बना हुआ है। इससे शनिवार से तापमान में गिरावट का दौर भी शुरू होगा। वहीं बारिश की गतिविधियां भी बढ़ेंगी।

फिलहाल तेज बारिश की स्थिति दक्षिण छग में रहेगी। वहीं उत्तर छग के भी कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश की संभावना है। इससे मौजूदा गर्मी से भी बढ़ी राहत मिलेगी। बता दें कि बीते दिनों जिले में रातभर में ही 14 मिमी. बारिश दर्ज गई। इसके बाद मौसम साफ हो गया है। जिससे उमस में भी बढ़ोतरी हो रही है। हालांकि तापमान का स्तर 38 डिग्री के आसपास ही बना हुआ है। 15 जून के बाद तापमान में 4 डिग्री के गिरावट की संभावना मौसम विभाग ने जताई है।

सभी जलाशय सूख चुके, जल्द बारिश जरूरी: भीषण गर्मी के चलते इस बार जिले के सभी प्रमुख 7 जलाशय समय से पहले ही सूख गए हैं। इन जलाशयों में जलस्तर शून्य हो चुका है। जिन्हें रिचार्ज होने के लिए अब बारिश का इंतजार बना हुआ है। अच्छी बारिश से ही जलाशयों में जलभराव हो सकेगा। इधर शहर में भी पेयजल आपूर्ति के लिए रॉ वाटर काफी कम मात्रा में बचा हुआ है।

मौसम विज्ञानी एचपी चंद्रा ने बताया कि एक द्रोणिका पश्चिम मध्य अरब सागर से दक्षिण तटीय उड़ीसा तक 3.1 किमी. और उससे लगे उड़ीसा के ऊपर पर स्थित है। वहीं एक पश्चिमी विक्षोभ 66 डिग्री पूर्व और 28 डिग्री उत्तर में स्थित है। इस दो सिस्टम की सक्रियता से बारिश की स्थिति निर्मित हो रही है। शनिवार को जिले के कुछ हिस्सों में तेज अंधड़ चलने की संभावना है। वहीं गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। हालांकि हल्की बारिश के बाद धूप निकलने से काफी उमस बढ़ गई है।

By kgnews

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *