बिलासपुर। रिश्तेदार के न्योते पर भोजन के बाद लौट रहे पति.पत्नी के बीच जंगल में चरित्र शंका पर विवाद हो गया। जिससे गुस्साए पति ने डंडे और ईंट से मारकर अपनी पत्नी की हत्या कर दी। हत्या के बाद आरोपित भागकर जंगल में छुप गया। इधर गांव के लोगों ने महिला की खून से सनी लाश देखकर पुलिस को सूचना दी। पुलिस शव पीएम के लिए भेजकर गांव के लोगों से पूछताछ की। इसके बाद उसके पति को जंगल से गिरफ्तार किया गया है। आरोपित को न्यायालय के आदेश पर जेल भेजा गया है।
बेलगहना चौकी प्रभारी एसआइ राज सिंह ने बताया कि छतौना के रगरापारा में रहने वाला पंचराम सौता(40) किसान है। रविवार की रात वह रिश्तेदार के घर न्योता पर भोजन के लिए गया था। भोजन के बाद वह अपनी पत्नी रातबाई को लेकर घर लौट रहा था। सुबह तक दोनों घर नहीं पहुंचे। इधर सोमवार की सुबह गांव के लोगों ने रातबाई की खून से सनी लाश जंगल में देखा। तत्काल इसकी सूचना रातबाई के मायके वालों को दी गई। साथ ही पंचराम की तलाश की गई। पंचराम अपने घर से गायब था। इधर महिला की लाश मिलने की सूचना पर पुलिस की टीम गांव पहुंच गई। पुलिस ने शव पीएम के लिए भेज दिया।
पुलिस की पूछताछ में पता चला कि पंचराम और रातबाई के बीच आए दिन विवाद होता था। रविवार को रिश्तेदार ने दोनों को भोजन के लिए अपने घर बुलाया था। जहां से भोजन के बाद दोनों घर लौट रहे थे। इसके बाद से पंचराम गायब है। प्राथमिक पूछताछ के आधार पर पुलिस ने पति को संदेही मानकर उसकी तलाश शुरू कर दी। आरोपित अपने घर के पीछे जंगल में छुपा था। उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। आरोपित ने बताया कि घर लौटते समय चरित्र शंका को लेकर उसने लाठी और ईंट से मारकर पत्नी की हत्या कर दी। पुलिस से बचने के लिए वह जंगल में छुपा था। आरोपित की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त डंडा जब्त कर लिया गया है। आरोपित को न्यायालय के आदेश पर जेल भेज दिया गया है।