जयस्तंभ चौक से गायब राष्ट्रीय ध्वज, अधिकारी तीनों झंडे नहीं खोज सके
राजनांदगांव। शहर के प्रतिष्ठित जयस्तंभ चौक से लापता हुआ 51 फीट ऊंचा तिरंगा झंडा अब चर्चा का विषय बन गया है। स्वतंत्रता दिवस नजदीक होने के बावजूद चौक पर तिरंगा नहीं लहरा रहा है। हैरानी की बात यह है कि नगर निगम के पास इस चौक के लिए कुल तीन झंडे उपलब्ध थे, लेकिन अब एक भी नहीं मिल रहा है। खबर के बाद जब अधिकारियों ने खोजबीन कराई तो कहीं कोई झंडा नहीं मिला। इससे निगम में लापरवाही और गैरजिम्मेदारी की स्थिति साफ उजागर हो रही है। तिरंगा गायब: नगर निगम की लापरवाही उजागर, स्वतंत्रता दिवस से पहले मंगाया नया झंडा
स्वतंत्रता दिवस से पहले आनन-फानन में रायपुर की एक फर्म से नया तिरंगा मंगवाया गया है। प्रभारी अधिकारी चिराग मेश्राम ने बताया कि झंडा एक-दो दिन में राजनांदगांव पहुंच जाएगा और 15 अगस्त की सुबह जयस्तंभ चौक पर पूरे सम्मान के साथ फहराया जाएगा। उसी दिन शाम को उसे विधिवत उतार लिया जाएगा।
इस मामले पर नेता प्रतिपक्ष संतोष पिल्लै ने निगम आयुक्त अतुल विश्वकर्मा को पत्र लिखकर नाराजगी जताई है। उन्होंने मांग की है कि तिरंगे के रख-रखाव को गंभीरता से लिया जाए और कम से कम दो अतिरिक्त झंडे स्टॉक में रखे जाएं, ताकि जरूरत पड़ने पर तुरंत प्रतिस्थापन किया जा सके।
देशभर में ‘हर घर तिरंगा – घर-घर तिरंगा’ अभियान चलाया जा रहा है, लेकिन राजनांदगांव जैसे प्रमुख शहर में तिरंगा गायब होना अधिकारियों की जवाबदेही पर सवाल खड़े कर रहा है। स्वतंत्रता दिवस जैसे महत्वपूर्ण अवसर पर राष्ट्रीय प्रतीकों के साथ इस तरह की लापरवाही चिंताजनक है।
इसे भी पढे: विधायक सिंगरौली रामनिवास शाह ने अपने कार्यालय में आयोजित किया रक्षाबंधन का पर्व !
