नगर निगम से की कार्रवाई की मांग, पार्षद की मौजूदगी में हुआ विरोध प्रदर्शन

राजनांदगांव। सृष्टि कॉलोनी में अवैध निर्माण और कब्जे को लेकर कॉलोनीवासियों में गहरा आक्रोश देखने को मिला। कॉलोनी के कुछ लोगों द्वारा सरकारी भूमि और कॉलोनी की जमीन पर अवैध रूप से कब्जा किया जा रहा है। कहीं बाउंड्री वॉल सड़क तक बढ़ा दी गई है, तो कहीं गार्डन और प्ले ग्राउंड की भूमि पर कब्जे की कोशिशें की जा रही हैं। इस कारण कॉलोनी की मुख्य सड़क पर आवागमन में गंभीर समस्या उत्पन्न हो गई है।

कॉलोनी में छोटे-छोटे बच्चे रहते हैं, जिनकी स्कूल बसों का आना-जाना मुश्किल हो गया है। जहां पहले दो वाहन एक साथ निकल जाते थे, अब वहां से केवल एक ही वाहन गुजर पा रहा है। कुछ लोगों द्वारा पेड़ लगाकर उनकी आड़ में बाउंड्री वॉल खड़ी कर सरकारी भूमि पर कब्जा किया जा रहा है। इससे पूरे कॉलोनी में आक्रोश का माहौल है।

कॉलोनी के लगभग 160 मकानों के निवासियों ने एकजुट होकर इस अवैध कब्जे के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। कॉलोनीवासियों ने नगर निगम आयुक्त, महापौर और वार्ड पार्षद को ज्ञापन सौंपकर तत्काल कार्रवाई की मांग की है। लोगों का कहना है कि यदि अभी कार्रवाई नहीं की गई तो आने वाले समय में गार्डन और प्ले ग्राउंड जैसी सार्वजनिक भूमि भी कब्जे की जद में आ जाएगी।

कॉलोनी के कुछ लोगों द्वारा कॉलोनी की बोरिंग का निजी उपयोग किए जाने को लेकर भी लोगों में असंतोष देखने को मिला। इस विषय पर करीब 70 कॉलोनीवासी सड़क पर उतर आए और विरोध प्रदर्शन किया। कॉलोनीवासियों ने पहले विनम्रता पूर्वक कब्जाधारियों से बात की, लेकिन उनका रवैया असहयोगपूर्ण रहा।

स्थिति इतनी बिगड़ गई कि “चोरी ऊपर से सीना जोरी” जैसी स्थिति उत्पन्न हो गई। मौके पर वार्ड पार्षद भी मौजूद रहीं और कॉलोनीवासियों के साथ निगम प्रशासन से जल्द कार्रवाई की मांग की। लोगों ने स्पष्ट कहा कि यदि शीघ्र ही अवैध निर्माण नहीं हटाए गए, तो वे आंदोलन को और व्यापक रूप देंगे।

By kgnews

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *